पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • ट्रक यूनियन की मनमानी के विरोध में बंद रहेगी कृषि मंडी

ट्रक यूनियन की मनमानी के विरोध में बंद रहेगी कृषि मंडी

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
ट्रकयूनियन की मनमानी के चलते श्योपुर के व्यापारी पांच दिन से माल का परिवहन नहीं कर पा रहे हैं। यूनियन द्वारा ट्रक लोड नहीं करने और अनुरोध के बावजूद भी इस मामले में जिला प्रशासन की ओर से कोई पहल नहीं होने पर व्यापार मंडल ने सोमवार को कृषि उपज मंडी बंद रखने का एेलान किया है।

व्यापार मंडल के अध्यक्ष मदनमोहन गर्ग ने रविवार को इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि ट्रक यूनियन द्वारा भाड़े में मनमानी बढ़ोतरी कर दी गई है। स्थानीय यूनियन द्वारा व्यापारियों को बाहर से मंगाने वाले ट्रकों में भी माल लोड नहीं करने दिया जा रहा है। पिछले पांच दिन से मंडी व्यापारी अपना माल बाहर नहीं भेज पा रहे हैं। व्यापारियों ने ट्रक बाहर से मंगाए थे, लेकिन स्थानीय ट्रक यूनियन के लोगों ने बाहरी ट्रक ड्राइवर के साथ मारपीट की तथा धमकी देकर माल भरने से रोका गया। यूनियन द्वारा हाल में माल भाड़ा ढाई गुना बढ़ा दिया गया है और मनमानी कीमत पर व्यापारियों को लोडिंग के लिए बाध्य किया है।

व्यापारियों ने ट्रक यूनियन की मनमानी की शिकायत तीन दिन पूर्व कलेक्टर एवं एसपी को लिखित में की गई थी। लेकिन इस मामले में कोई कार्रवाई अब तक नहीं की गई है। परिवहन ठप होने की वजह से अब व्यापारी कृषि मंडी में माल खरीदने से असमर्थ हैं। व्यापार मंडल के अध्यक्ष मदनमोहन गर्ग ने बताया कि गल्ला व्यापारियों ने 15 सितंबर सोमवार से कृषि उपज मंडी में कारोबार ठप रखने का निर्णय लिया है।