- Hindi News
- पुलिसकर्मियों पर अखंड रामायण रोकने और ज्योति बुझाने का आरोप
पुलिसकर्मियों पर अखंड रामायण रोकने और ज्योति बुझाने का आरोप
आवदाटीआई जितेन्द्र वर्मा और थाने में पदस्थ चार पुलिसकर्मियों पर ग्रामीणों ने गांव के एक मंंदिर पर चल रही अखंड रामायण ज्योति को बुझाने का आरोप लगाया है। इस संबंध में ग्रामीणों ने भाजयुमो के प्रदेश सदस्य मदन भदौरिया के साथ रविवार को एसपी से शिकायत की। इस मामले में टीआई वर्मा का कहना है कि गांजा पीकर उत्पात कर रहे लोगों को उन्होंने रोका था। रामायण रोकने और ज्योति बुझाने का आरोप निराधार है।
भाजयुमो नेता मदन भदौरिया के साथ एसपी को शिकायत करने पहुंचे ग्रामीणों का कहना था कि 27 सितंबर की रात 10 बजे आवदा टीआई जितेन्द्र वर्मा गश्त करते हुए कस्बे के गणेश मंदिर पर गए। टीआई ने साथी पुलिसकर्मियों के साथ मंदिर पर पहुंचकर सिर्फ श्रद्धालुओं से बदसलूकी की। बल्कि अखंड रामायण पाठ में व्यवधान डाला। पुलिसकर्मियों ने मंदिर में जल रही अखंड ज्योति भी बुझा दी।
इस घटना से श्रद्धालुओं में रोष व्याप्त है। रविवार को एसपी के अलावा ग्रामीणों ने एसडीएम एससी तिवारी से भी शिकायत की। वहीं टीआई वर्मा ने सारे आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि वे मंदिर पर पहुंचे थे, लेकिन गांजा पीकर उत्पात कर रहे लोगों को रोकने। टीआई का कहना है मंदिर और उसके सामने गांजा पीकर उत्पात मचाने की उन्हें लगातार खबरें मिल रही थी। इसके बाद उन्होंने रात्रि गश्त के दौरान मौके पर पहुंचकर उत्पात कर रहे लोगों को रोककर हिदायत दी थी। रामायण पाठ रोकने और ज्योति बुझाने के आरोप पर टीआई ने कहा कि उन्होंने ऐसा कुछ नहीं किया। शिकायतकर्ता मनगढ़ंत आरोप लगा रहे हैं।