- Hindi News
- सहरियाओं ने मांगी नौकरी, कलेक्टर बोले भिजवाएंगे शासन को प्रस्ताव
सहरियाओं ने मांगी नौकरी, कलेक्टर बोले- भिजवाएंगे शासन को प्रस्ताव
मंगलवारको सहरिया शिक्षित बेरोजगारों ने कलेक्टोरेट पहुंचकर नौकरी की मांग की। कलेक्टर धनंजय सिंह भदौरिया से मिले इन बेरोजगार युवकों ने कहा कि शासन ने उन्हें बिना किसी भर्ती प्रक्रिया के नौकरी देने के आदेश दिए हैं, लेकिन अब तक उन्हें नौकरी नहीं दी गई है।
कलेक्टर श्री भदौरिया ने युवकों को आश्वस्त किया कि वह इस सिलसिले में एक प्रस्ताव शासन को भिजवाएंगे। दरअसल, शासन ने सभी योग्यताएं रखने वाले सहरिया युवक, युवतियों को बिना भर्ती प्रक्रिया का पालन किए सीधी नौकरी देने के आदेश विभागों को दिए हैं। लेकिन शिक्षक के पद पर नियुक्ति के लिए सहरियाओं को दूसरे आवेदकों की तरह बीएड, डीएड प्रशिक्षण प्राप्त होना चाहिए। साथ ही बाबू के पद पर भर्ती के लिए उन्हें बाहरवीं के साथ कम्प्युटर में दक्षता टायपिंग का डिप्लोमा भी होना चाहिए। इसलिए कलेक्टर ने सहायक आयुक्त अजाक आर एस परिहार को निर्देश दिए कि वह सहरियाओं के हित में शासन को प्रस्ताव भेजें। इसमें शासन से गुजारिश की जाए कि सहरिया बेरोजगारों को नौकरी दिलाने के लिए शासन अपने खर्च पर बीएड, डीएड का डिप्लोमा भी कराए।
कलेक्टोरेट के बाहर खड़े सहरिया आवेदक।