विवाह सम्मेलन:ब्राह्मण समाज ने बनाई रणनीति
सनाढ्य ब्राह्मण महासभा की बैठक बीते रोज ब्राह्मण धर्मशाला विजयपुर में संपन्न हुई। जिसमें सर्वसम्मति से जगदीश प्रसाद शर्मा बटवाड़ ओछापुरा वाले को ब्लॉक अध्यक्ष चुना। वहीं आगामी 21 मई को श्योपुर में प्रस्तावित सनाढ्य ब्राह्मण समाज के सामूहिक विवाह सम्मेलन की तैयारियों को लेकर विचार विमर्श किया गया। इस अवसर पर सनाढ्य ब्राह्मण महासभा के जिलाध्यक्ष रामबाबू शर्मा ने सामूहिक विवाह सम्मेलन की रूपरेखा पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए इसे सफल बनाने के लिए तन,मन,धन से सहयोग का आह्वान समाज बंधुओं से किया। उन्होंने कहा कि शादियों मेंं फिजूलखर्ची रोकने के उद्देश्य से सनाढ्य ब्राह्मण समाज द्वारा प्रतिवर्ष श्योपुर में सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन किया जाता है। आगामी 21 मई को हेवी मशीनरी टीनशेड श्योपुर में होने वाले सामूहिक विवाह सम्मेलन की व्यवस्थाओं के लिए समिति का गठन कर सदस्यों को जिम्मेदारी सौंपी जा चुकी है। इस मौके पर सामूहिक विवाह सम्मेलन समिति के अध्यक्ष रमेशचंद्र शर्मा ने सम्मेलन में जोड़ों की संख्या बढ़ाने पर जोर देते हुए कहा कि पंजीयन के लिए अभी से सभी पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में दौरा करके समाज बंधुओंं से संपर्क साधें।
ओछापुरा में ब्राह्मण समाज ने जुलूस निकाला
सनाढ्य ब्राह्मण महासभा के विजयपुर ब्लॉक अध्यक्ष पद पर जगदीश प्रसाद बटवाड़ को चुने जाने पर उनके गृहग्राम ओछापुरा में ब्राह्मण समाज ने जुलूस निकाला। कस्बे के मुख्य मार्गों से निकले जुलूस के दौरान कई जगह लोगों ने फूल माला पहनाकर श्री बटवाड़ का स्वागत किया। कस्बे के एमएस रोड पर अायोजित स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए जगदीशप्रसाद बटवाड़ ने कहा कि सामाजिक विकास के लिए एकजुट प्रयासों की दरकार है। समाज में प्रतिभा और धन की कोई कमी नहीं है ,सामाजिक चुनौतियों का एकजुटता से मुकाबला करते हुए समाज को दिशा देने की आवश्यकता है। श्री बटवाड़ ने अध्यक्ष बनाए जाने पर समाजबंधुओं के प्रति आभार प्रकट किया तथा संगठन हित में सदैव सक्रिय रहकर सौंपी गई जिम्मेदारियों काे शिद्दत से निभाने का संकल्प जताया। इस अवसर पर स्थानीय ब्राह्मण समाज के लोग बड़ी संख्या में मौजूद थे।
विजयपुर के ब्लॉक अध्यक्ष बनने पर ओछापुरा में जुलूस निकालते ब्राहमण समाज के लोग।
बैठक