10 दिन क्लोजर के बाद भी नहर में कम छोड़ा पानी, सिंचाई का संकट
किसान बोले-डिस्ट्रीब्यूटरी में छोड़ा सिर्फ एक फीट पानी
ईई ने कहा धीरे-धीरे बढ़ाएंगे पानी, 19 गांव में सिंचाई संकट गहराया
भास्कर संवाददाता | मानपुर
जल संसाधन विभाग ने दस दिन के क्लोजर के बाद बुधवार को 12 एल डिस्ट्रीब्यूटरी में फिर से जलप्रदाय शुरू कर दिया। रबी फसलों की सिंचाई के लिए किसानों की लगातार मांग के बावजूद दस दिन तक नहरें बंद करने के बाद भी विभाग द्वारा पानी कम मात्रा में छोडऩे के कारण किसानों में असंतोष है। मानपुर क्षेत्र में अभी तक सूखी पड़ी नहरों में पानी नहीं पहुंचने से परेशान किसानों ने जल संसाधन विभाग के ईई तथा एसडीओ से फोन पर चर्चा करके पानी बढ़ाकर चार फीट करने की मांग की । किसानों का कहना है कि विभाग द्वारा 12 एल डिस्ट्रीब्यूटरी में महज एक फीट पानी छोड़ा गया है, जो इससे जुड़ी सात वितरिकाओं मेंं बंट रहा है। कम पानी छोडऩे के कारण यह आगे नहीं बढ़ रहा है। जिससे मानपुर क्षेत्र के 19 गांवों में सिंचाई का संकट बरकरार है। उधर जल संसाधन विभाग के ईई एबी शर्मा का कहना है कि डिस्ट्रीब्यूटरी में धीरे-धीरे पानी बढ़ाएंगे।
उल्लेखनीय है कि जल संसाधन विभाग द्वारा चालू रबी सीजन के लिए 10 अक्टूबर को जलप्रदाय शुरू किया गया था। लेकिन भिंड-मुरैना पानी पहुंचाने की खातिर पहले एक महीने तक श्योपुर जिले की सभी 27 डिस्ट्रीब्यूटरी बंद रखी गई। इसके बाद विभाग द्वारा क्लोजर के नाम प र पानी की कटौती की जा रही है। इस कारण क्षेत्र में अभी तक 10 हजार हेक्टेयर रकबे में किसानों को पलेवा के बाद फसलों की सिंचाई के लिए पहला पानी नहीं मिल सका है। खेतों में खड़ी गेहूं, चना,सरसों, अलसी, धनिया व मैथी की फसल इस समय 65 से 75 दिन की होकर पानी मांग रही है। समय पर पानी नहीं मिलने के कारण फसलों पर विपरीत असर पडऩे लगा है। किसानों का कहना है कि यदि जल्द ही पानी नहीं मिला तो फसल सूख जाएगी। जिससे किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ेगा।
मानपुर के पास खाली पड़ी 9 एल नहर शाखा दिखाते किसान।
19 गांव में फसल सूखने का खतरा मंडराया
चंबल कमांड एरिया के ग्राम मानपुर, जैनी, मैवाड़ा, बहरावदा,सरोदा,टेहला,जमूदी, जावदेश्वर, टेकना,चौपना,काचरमोली,आवनी, टोंगनी, जवासा, बिचपुरी,तलावदा,दांतरदा, सोठवा,सीसवाली में सिंचाई संकट बेकाबू हो गया है। इन गांव में हजारों किसान पानी की उम्मीद में नहरों पर नजरें गढ़ाए बैठे हैं।
ऐसे तो नहीं मिलेगा पानी
जल संसाधन विभाग ने दस दिन के क्लोजर के बाद भी डिस्ट्रीब्यूटरी में सिर्फ एक फीट पानी छोड़ा है। इस तरह तो क्षेत्र के किसानों को पानी नहीं मिल पाएगा और फसल बर्बाद हो जाएगी संजय शुक्ला, किसान ग्राम मानपुर
धीरे-धीरे बढ़ेगा पानी
डिस्ट्रीब्यूटरी में पानी डिस्चार्ज कर दिया है। 12 एल में पानी की मात्रा धीरे-धीरे बढ़ाई जाएगी। जिन इलाकों में किसान अभी तक सिंचाई नहीं कर पाए है वहां पानी पहुंचाने के लिए नहरों की मानीटरिंग बढ़ा दी गई है। एबी शर्मा, ईईए जल संसाधन विभाग श्योपुर
वितरिकाओं में हेड पोर्शन पर अटका पानी
मानपुर क्षेत्र को सिंचित करने वाली पांच नहर शाखाओं पर बुधवार को पानी हेड पोर्शन तक सिमटा रहा। किसानों ने बताया कि डिस्ट्रीब्यूटरी में इतना कम पानी छोड़ा जा रहा है कि जलप्रवाह थमा हुआ है। चंबल नहर की 12 एल डिस्ट्रीब्यूटरी से निकली 8 एल, 9 एलए 10 आर, 1 आर तथा 7 आर वितरिकाओं में पानी नहीं पहुंचने से किसान परेशान रहे। इन वितरिकाओं में अभी तक हेडपोर्सन पर भी किसान फसलों में पहला पानी नहीं दे पाए हैं।