घर में सोई युवती का शव पड़ोसी के मकान में फांसी पर झूलता मिला
मानपुर थाना क्षेत्र के ग्राम दांतरदा में बुधवार सुबह हाईवे किनारे एक सूने मकान में 18 वर्षीय युवती का शव फांसी के फंदे पर झूलता मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने मौके से शव बरामद कर घटना की विवेचना शुरू कर दी है।
ग्राम दांतरदा कस्बे में हाईवे किनारे एक सूने मकान का दरवाजा बुधवार सुबह छह बजे खुला देखकर ग्रामीणों को शंका हुई। लोगों ने नजदीक जाकर देखा तो घर के सामने टीनशेड में लोहे की एंगल से रस्सी के सहारे युवती का शव झूल रहा था। जबकि गृहस्वामी सत्यनारायण वैष्णव अपने परिवार के साथ श्योपुर रहते हैं। सूने घर में लड़की का शव मिलने की खबर मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। युवती की पहचान सत्यनारायण वैष्णव के मकान से कुछ ही दूर रहने वाले बाबूलाल मीणा की बेटी शशिकला मीणा (18) के रूप में हुई।
ग्रामीणों की सूचना पर सुबह साढ़े छह बजे पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस ने मौका मुआयना कर ग्रामीणों का पंचनामा बनाने के बाद शव को फांसी के फंदे से उतारा। परिजन ने पुलिस को बताया कि रोजाना की तरह वह रात खाना खाकर अपने कमरे में सो गई थी। वह रात में कब घर से बाहर निकली और उसने किन परिस्थितियों में आत्महत्या जैसा कदम उठाया है, इस बारे में कुछ पता नहीं है। बहरहाल पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद संदिग्ध मौत का मामला दर्ज कर घटना की विवेचना शुरू कर दी है।
जलालपुरा में नवविवहिता फांसी पर झूली
श्योपुर. देहात थाना क्षेत्र के ग्राम जलालपुरा झोपडिय़ा में बुधवार को एक 20 वर्षीय नवविवाहिता महिला ने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस सूत्रों ने बताया कि ग्राम जलालपुरा झोपडिय़ा में मांगीलाल मीणा का परिवार खेत पर गया था। पीछे से घर पर अकेली उसकी प|ी कृष्णा मीणा ने साड़ी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। जब उसकी सास घर के अन्दर घुसी तब इस बारे में परिजन को पता चला। कृष्णा ने किन कारणों के चलते फांसी लगाई है इसका खुलासा नहीं हो सका है।