एक भी नलजल योजना बंद न रहे नहीं तो होगी कार्रवाई: कलेक्टर
कलेक्टर ने कराहल में सीएफटी बैठक के दौरान दिए निर्देश
भास्कर संवाददाता | श्योपुर
कलेक्टर पीएल सोलंकी ने कहा कि सभी नलजल योजनाएं चालू रहनी चाहिए। यदि किसी गांव में नल जल योजना बंद हुई तो संबंधित अफसरों के साथ पंचायत सचिवों की जवाबदारी होगी। कलेक्टर ने यह निर्देश बुधवार को कराहल सामुदायिक प्रशिक्षण केन्द्र पर कराहल एवं गोरस सीएफटी की संयुक्त बैठक के दौरान दिए।
बैठक के दौरान कलेक्टर ने कहा कि गर्मी शुरू होने वाली है। कराहल क्षेत्र का पेयजल संकट से पुराना नाता रहा है। इस बार वाटर लेवल गिरने से समस्या आएगी। इसलिए नल जल योजनाओं का संधारण एवं संचालन सतत रूप से जारी रखा जाए। ताकि ग्रामीणो को पेयजल के लिए कठिनाई न हो। उन्होंने कहा कि ट्रांसफार्मर फुंकने या मोटर खराब होने के कारण कोई भी नल जल योजना बंद नही रहनी चाहिए। ग्राम पंचायत अपने स्तर पर इनकी निगरानी करें। समस्या दूर न होने पर जिला प्रशासन को अवगत कराया जाए। बैठक में एसडीएम एचसी कोरकू, तहसीलदार भरत कुमार, परियोजना अधिकारी जिला ंपचायत डा अजय उपाध्याय सहित सीएफटी क्षेत्र के ग्रामों के पंचायत सचिव, रोजगार सहायक, पटवारी एवं पीएचई विभाग के उपयंत्री उपस्थित थे।
कराहल में सीएफटी केंद्र पर बैठक लेते कलेक्टर।