बच्चों को गोली खिला कर की अभियान की शुरुआत
राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों को खिलाई दवाई
भास्कर संवाददाता | श्योपुर
राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर बुधवार को शासकीय स्कूल रायपुरा में आयोजित एक कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक दुर्गालाल विजय द्वारा बच्चों को एलबेडांजोल टेबलेट खिलाकर अभियान की शुरुआत की गई। इस अवसर पर कलेक्टर पीएल सोलंकी, जिला शिक्षा अधिकारी अजय कटियार, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डा प्रदीप मिश्रा,जिला टीकाकरण अधिकारी एके सिंह, संकुल प्राचार्य प्रमोद सिकरवार,कार्यक्रम के जिला समन्वयक मोहम्मद जमील कुर्रेशी उपस्थित थे।
विधायक श्री विजय ने इस अवसर पर कहा कि बच्चों के पेट में कीड़े की समस्या आम है। यह कीड़ा कृमि से पैदा होता है, इससे बच्चे के स्वास्थ्य पर विपरीत असर पड़ता है। इसीलिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा 10 फरवरी को कृमि नियंत्रण दिवस के रूप में मनाकर सभी स्कूल व आंगनबाडिय़ों में बच्चों को एलबेडांजोल की गोली खिलाने का अभियान चलाया जाता है। यह गोली खाने से बच्चों के पेट में कीड़े मर जाते हैं। गोली खाने से कोई नुकसान भी नहीं होता है। इस अवसर पर
इस अवसर पर कलेक्टर श्री सोलंकी ने टेबलेट की उपयोगिता एवं कृमि नाशन से स्वास्थ्य पर प्रभाव के बारे में प्रकाश डाला। सीएमएचओ डा. पीके मिश्रा ने बताया कि राष्ट्रीय कृमि दिवस पर 1 से 19 वर्ष के बच्चों को गोली खिलाने का प्रबंध स्कूल व आंगनबाड़ी केंद्रों पर किया गया है। स्कूल नहीं जाने वाले बच्चोंं को चिह्नित कर नजदीकी केंद्र पर गोली खिलाई जाएगी। किसी कारण गोली खाने से छूट गए बच्चों के लिए 15 फरवरी को मोपअप राउंड चलाया जाएगा।
राष्ट्रीय कृमि नियंत्रण दिवस पर बच्चे को गोली खिलाते विधायक।