टूटकर गिरे बिजली के तार, हादसा टला
शहरके आर्य समाज रोड एवं कलेक्टोरेट के कोने पर अलग-अलग समय में 11 केवी का तार टूटने से हादसा होते-होते बचा। इस फाल्ट से आसपास रहने वाले लोगों के घरों एवं बैंक के उपकरण फुंक गए। शाम लगभग सवा चार बजे आर्य समाज रोड कस्टम गेट के कोने पर अचानक तार टूटकर सड़क पर गिरा तो वहां चिंगारियां निकलने लगीं। तार टूटने के दौरान कुछ लोग वहां खड़े थे, जो तार की चपेट में आते-आते बच गए। इसके बाद शाम लगभग सात बजे कलेक्टोरेट के कोने पर न्यायालय रोड पर एक तार टूटकर नीचे गिर गया। वहां भी सड़क पर तार गिरते ही जोरदार चिंगारी निकलीं।
शहर में दो जगह तार टूटने की घटना से स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त है, क्योंकि उपकरणों के अलावा जानमाल का नुकसान होने का खतरा था। वहीं बिजली कंपनी के एई आदित्य सिंह का कहना है कि इंसुलेटर पर गिलहरी के जाने से अर्थ-करंट मिलने से यह फाल्ट हुआ।
फाल्ट के बाद शहर के दोनों क्षेत्रों में लगभग एक घंटे तक बिजली सप्लाई बंद रही।