ट्रेन में बैठने का शौक था, अकेली पहुंची शिवपुरी
बदरवास से बीना ग्वालियर ट्रेन में बैठ गई थी 8 साल की रानी
भास्कर संवाददाता | शिवपुरी
कोतवाली थाना क्षेत्र में बदरवास की मंडी में काम करने वाले कल्याण की एकलोती पुत्री रानी को ट्रेन में बैठने का इतना शौक था,कि वो अपने माता पिता को बिना बताए बदरवास से बीना ग्वालियर ट्रेन में बैठ कर शिवपुरी तक आ पहुंची। बच्ची के माता पिता को ये पता तक नहीं था कि उनकी बच्ची रानी ट्रेन में बैठ कर शिवपुरी तक आ पहुंची है। वो तो जब बच्ची ट्रेन में बाद में रोने लगी तो यात्रियों ने उससे रोने का कारण पूछा तो उसने बताया कि वो ट्रेन देखने के लिए चढ़ी थी लेकिन ट्रेन अचानक चल पड़ी और वो कुछ नहीं कर सकी। इसके बाद यात्रियों ने शिवपुरी रेलवे स्टेशन पर जीआरपी और आरपीएफ को सूचना देकर बच्ची को उनके हवाले कर दिया। बच्ची ने अपना नाम रानी और पिता को नाम कल्याण बताया। जिसके बाद पुलिस ने उसके पिता को खोज कर बच्ची को उनके हवाले कर दिया।
वह ट्रेन देकर रोमांचित हो जाती थी, हम समझ नहीं पाए
रानी को ट्रेन की आवाज अच्छी लगती थी। कई बार ट्रेन देखने मेरेे साथ रेलवे स्टेशन पर जा चुकी थी लेकिन में यह नहीं समझ पाया कि उसके बाल मन में क्या -क्या चल रहा है, हम समझ नहीं पाए। आज न जाने कब वो निकल गई पता भी नहीं चला। जब नहीं दिखी तो हमने उसे कई जगह ढूंढा पर नहीं मिली। जब पुलिस का फोन आया तो जान में जान आई।
(जैसा रानी के पिता कल्याण ने भास्कर को बताया।
ट्रेन में बैठने का शौक था
बच्ची 8 साल की है,और सकुशल हम उसे उसके माता पिता के हवाले कर रहे हैं। बच्ची को ट्रेन में बैठने का शौक था और वो उसे ही देखने के लिए ट्रेन में चढ़ी थी। वीएस मिश्रा, जीआरपी थाना प्रभारी