संस्कारित शिक्षा से छात्र का विकास संभव:माथुर
सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के वार्षिकोत्सव में बच्चों ने दी रंगारंग प्रस्तुतियां
भास्कर संवाददाता | करैरा
कस्बे में पं. दीन दयाल उपाध्याय शिक्षा प्रसार समिति द्वारा संचालित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर का वार्षिकोत्सव बीते रोज मधुर मिलन पैलेस में उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ आवासीय विद्यापीठ शिवपुरी के प्रबंधक राजेश लिटोरिया, विभाग समन्वयक विजय माथुर एवं आईटीबीपी के डिप्टी कमांडेंट राजेन्द्र सिंह राजपूत द्वारा माँ सरस्वती की प्रतिमा के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर अतिथिगणों ने अपने उद्बोधन में कहा कि संस्कारित शिक्षा से सर्वागींण विकास संभव है। इस दिशा में विद्यापीठ द्वारा सराहनीय कार्य किए जा रहे हैं। प्रारंभ में स्कूल के नन्हे-मुन्ने भैया बहिनों ने अतिथि स्वागत गीत प्रस्तुत किया तदोपरान्त सरस्वती बंदना तथा दादी अम्मा मान जाओ गीत प्रस्तुति पर उपस्थित श्रोता झूमते नजर आए। कार्यक्रम में लघु नाटिका बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के माध्यम से लड़कियों की रक्षार्थ संदेश दिया गया। देश भक्ति गीत संस्कृत में सुन दर्शक तारीफ़ किये बिना नहीं रह सके।
कार्यक्रम में बच्चों की नेताओं पर व्यंग नाटक चुनावी सभा में जनता के सामने नेताओं द्वारा झूठे वादे, हास्य नाटिका सास बहु के अतिरिक्त कई मन मोहक प्रस्तुतियां दी गईं। वार्षिकोत्सव कार्यक्रम में स्वागत समिति अध्यक्ष डॉ. राजेन्द्र प्रसाद गुप्ता, उपाध्यक्ष जगदीश सिंह चौहान, सचिव सीताराम गेंडा, प्रधान आचार्य प्रकाश चन्द्र घोष तथा युगल किशोर शर्मा आदि उपस्थित रहे।
करैरा के सरस्वती स्कूल में प्रस्तुति देते बच्चे।