साइबर सेल प्रभारी का मोबाइल चुरा ले गए चोर
मंदिर से दर्शन कर लौट रहा था पुलिसकर्मी
भास्कर संवाददाता | शिवपुरी
देहात थाना क्षेत्र के अंतर्गत बांकड़े हनुमान मंदिर के रास्ते में शनिवार की शाम एसपी ऑफिस में स्थित साइबर सैल प्रभारी विकास सिंह चौहान का बैग दो अज्ञात चोर चुरा ले गए। घटना के समय आरक्षक विकास चांदपाठा पुल पर बाइक लगाकर घूम रहे थे। तभी चोरों ने इस घटना को अंजाम दिया है। इस मामले में विकास की रिपोर्ट पर दो अज्ञात चोरों के खिलाफ धारा 379 का प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार एसपी ऑफिस में साइबर सैल प्रभारी विकास सिंह पुत्र विनोद सिंह चौहान निवासी पुलिस लाइन कल शाम अपनी बाइक से बांकड़े हनुमान मंदिर पर दर्शन करने गया था शाम करीब 6 बजे दर्शन कर लौट रहा था तभी वह चांदपाठा पुल पर रुक गया और बाइक को खड़ा कर अपना बैग पुल पर रख दिया और वह घूमने लगा। तभी दो अज्ञात युवक वहां आये और बैग को उठाकर भागने लगे। जब विकास ने उनको भागते देखा तो चोरों का पीछा किया, लेकिन पैर में ठोकर लग जाने से वह गिर गया और इतने ही समय में चोर आंख से ओझल हो गये।