‘अफसरों ने नहीं सुनी, अब जनता सुनेगी’
कांग्रेस ने लगाए आरोप, नगरपालिका के खिलाफ कांग्रेस ने चलाया पोल खोल अभियान
भास्करसंवाददाता |शिवपुरी
भाजपाकी नगर पालिका अध्यक्ष रिशिका अष्ठाना उनके विवादित कार्यकाल को लेकर आंदोलन करने वाले कांग्रेस नेताओं का कहना है कि नपा में हुए करोड़ों के भ्रष्टाचार को लेकर उनके द्वारा पहले भी अधिकारियों को शिकायतें की गई, लेकिन सत्ताधारी दल भाजपा के दबाव में अधिकारी कुछ नहीं कर सके। अब पोल खोल कार्यक्रम के जरिए वह जनता की अदालत में है और वहीं पर अपनी बात रखेंगे।
यह बात शनिवार को एक पत्रकारवार्ता में शहर कांग्रेस अध्यक्ष राकेश जैन आमोल नपा में सांसद प्रतिनिधि अन्नी शर्मा सहित अन्य नेताओं ने कही। शहर कांग्रेस अध्यक्ष ने बताया कि नपा के कुशासन के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विभिन्न वार्डों में पोल खोल अभियान शुरू किया है। प्रतिदिन कांग्रेस कार्यकर्ता वार्डों में जाकर भाजपा के कार्यकाल में हुए भ्रष्टाचार बता रहे हैं। उन्होंने इस बात का खंडन किया कि उनकी पार्टी में कोई मतभेद है। पत्रकारवार्ता के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाए कि भाजपा नेताओं के भ्रष्टाचार के कारण सिंध जलावर्धन योजना का काम लटका है। समय रहते आवश्यक कदम उठाए जाते तो इस योजना की यह हालत नहीं होती। इस पत्रकारवार्ता में कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामसिंह यादव, प्रदेश महामंत्री बैजनाथ सिंह यादव, अजय गुप्ता, जगमोहन सिंह सेंगर, मुकेश जैन, वीरेंद्र शिवहरे, मुन्ना कुशवाह, पप्पू गुप्ता, पदम चौकसे सहित कई कांग्रेसजन उपस्थित थे। पत्रकारवार्ता से पहले कांग्रेस नेताओं ने शहर में सफाई व्यवस्था ठप होने पर एक ज्ञापन देकर इसके लिए नपा प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि वह इस मुद्दे पर सफाई कर्मियों के साथ हैं उनकी जो भी जायज मांगें हैं उन्हें जल्द से जल्द पूरा किया जाए।
िशवपुरी | नगर पालिका के खिलाफ ‘पोल खोल अभियान’ की जानकारी देते कांग्रेस नेता।