घर-घर जाकर मांगे वोट
मध्य देशीय अग्रवाल समाज के अध्यक्ष पद के लिए वोटिंग आज
भास्करसंवाददाता|शिवपुरी
मध्यदेशीय अग्रवाल समाज के अध्यक्ष पद को लेकर राजनीति गरमाने के बाद शनिवार को पांचों उम्मीदवार अपनी-अपनी जीत के लिए वोट मांगते नजर आए। किसी ने एसएमएस वाट्स अप से वोट मांगे तो किसी ने समाज के लोगों के घर-घर जाकर अपने लिए वोट देने के लिए अपील की। अध्यक्ष पद सहित सहमंत्री प्रचार मंत्री के लिए रविवार 28 सितंबर को वोट डाले जाएंगे।
मध्य देशीय अग्रवाल समाज की धर्मशाला में मतदान का काम सुबह दस बजे से शुरू होकर शाम चार बजे तक चलेगा। प्रक्रिया को अंजाम देने के लिए चुनाव अधिकारी हरिवल्लभ बंसल पड़ोरा वाले एवं एलडी गुप्ता को बनाया गया है। इनकी देखरेख में प्रक्रिया पूरी होगी। अध्यक्ष पद पर सहमति बन पाने के बाद अब पांच उम्मीदवार मैदान में रह गए हैं पांच उम्मीदवारों में रीतेश जैन, शीतल जैन, भानु गुप्ता, मथुरा प्रसाद गुप्ता, राकेश गर्ग शामिल हैं। शुक्रवार को समाज के लोगों में एक नाम पर सहमति बन पाने के बाद जो पांचो उम्मीदवार मैदान में हैं उन्हें प्रचार के लिए ज्यादा समय नहीं मिल पाया है। एक दिन का समय ही प्रचार के लिए मिला है।
अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ रहे रीतेश जैन जो पूर्व में भी समाज के अध्यक्ष रह चुके हैं का कहना है कि उनके पूर्व के कार्यकाल में कई काम हुए। अब वह एक बार फिर से समाज की सेवा करना चाहते हैं। इसी तरह की बातें अन्य चारों उम्मीदवारों ने अपने प्रचार में कही हैं। अब रविवार शाम को मतगणना के बाद स्थिति साफ हो पाएगी कि कौन समाज का नया अध्यक्ष होगा।