- Hindi News
- बारिश से उखड़ा हाईवे ले रहा लोगों की जान
बारिश से उखड़ा हाईवे ले रहा लोगों की जान
एक सप्ताह में हाईवे पर हादसों में हो चुकी है पांच लोगों की मौतें।
भास्करसंवाददाता| श्योपुर
बारिशके कारण शिवपुरी-पाली हाईवे जगह-जगह से उखड़ गया है। बारिश से सड़क की साइडें कट गई हैं और गहरे गड्ढे हो गए हैं। गड्ढों के हाईवे पर हादसों का ग्राफ तेजी से बढ़ा है। लोगों के लिए हाईवे का सफर मौत का सफर साबित हो रहा है। पिछले एक सप्ताह में हाईवे पर अलग-अलग हादसों में पांच लोगोंं की जान जा चुकी है। वहीं दर्जनों लोग घायल हुए है। इनमें ज्यादातर दुर्घटनाएं सड़क पर गड्ढों से बचने के फेर में वाहनों के बेकाबू होने के कारण हुई है। लेकिन जिम्मेदार विभाग ने बारिश के बाद खस्ताहाल हुए हाईवे की सुध नहीं ली है। हालांकि मप्र सड़क विकास प्राधिकरण के क्षेत्रीय प्रबंधक ने बारिश से बिगड़े हाईवे की मरम्मत का काम अक्टूबर माह में पूर्ण कराने की बात कही है।
जिले की राजस्थान सीमा पर स्थित ग्राम पाली से श्योपुर होते हुए शिवपुरी तक 165 किलोमीटर लंबे हाईवे का निर्माण वर्ष 2010 में पूरा हुआ था। इस साल बारिश से हाईवे को काफी नुकसान पहुंचा है। नोनपुरा घाटी, कराहल, गोरस, पाली के पास बनी पुलियाओं के किनारे धंसक गए हैं। वहीं सड़क पर जगह-जगह चौड़े और गहरे गड्ढों की भरमार हो गई है। इन गड्ढों के कारण जहां वाहन असंतुलित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। इसके अलावा बारिश के दौरान हाईवे किनारे उगे दक्षिणी बबूल के पेड़ों की शाखाएं हादसे का कारण बन रही हैं।
यह हुए हादसे
{20 सितंबर की रात सोंईकलां गांव के पास अनियंत्रित हार्वेस्टर की टक्कर से बाइक सवार देवीशंकर पुत्र नंदकिशोर बैरवा (35) सोईंकलां की मौत हो गई।
{ 21 सिंतबर को ट्रैक्टर की टक्कर से रामराज पुत्र रामचंद मीणा (40) निवासी बिलवाड़ा की घटना स्थल पर ही मौत हो गई।
{ 22 सितंबर को भोगिका तिराहे पर गड्ढे से बचने के फेर मेें ट्रैक्टर ने बाइक सवार कैलाश पुत्र लोडक्या मीणा (45)युवक को कुचल दिया। जिससे मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
{ 25 सितंबर को गोरस कलमी के बीच बाइक फिसलने से खेरा गांव के लक्खूराम पुत्र अमर्या भिलाला (35) की मौत हो गई।
{ 28 सितंबर को जाटखेड़ा गांव के पास बेकाबू ट्रक ने सुबह सैर करने जा रही सलापुरा निवासी अमन पुत्री इंसाफ (17) को टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल अमन ने कोटा अस्पताल में दम तोड़ दिया।