गड़बड़ी
100 रुपए में बना कर दे रहे आधार कार्ड
टारगेट पूरा करने प्रशासन ने भी दी खुली छूट, राशन से लेकर सरकारी योजनाओं में आधार कार्ड जरूरी
राशन कार्ड से लेकर अन्य सभी सरकारी योजनाओं के लिए अनिवार्य हुआ आधार कार्ड ग्रामीणों के लिए मुसीबत बनता जा रहा है।आधार कार्ड बनाने वाली कंपनियों के लोगों ने इन दिनों ग्रामीण क्षेत्रों में कैंप लगा कर आधार कार्ड बनाने का काम शुरु कर रखा है। यहां ये लोग ग्रामीण जनता से आधार कार्ड से कार्ड बनाने के नाम पर 50 रुपए से लेकर 100 रुपए तक की वसूली कर रहे हैं।खास बात यह है कि ग्रामीणों ने इसकी शिकायत कई बार की है लेकिन प्रशासन के अफसरों ने चुप्पी साध रखी है। इसका कारण जिले में आधार कार्डों का पिछड़ना है। जिला प्रशासन टारगेट बढ़ाने के फेर में चुप्पी साधे हुए हैं। और वेंडर गांव की भोली भाली जनता को लूट रहा है।
पैसे लेकर बनाए कार्ड
मेरी ग्राम पंचायत में दो लड़के आए और उन्होंने स्कूल के पास मशीन लगाकर आधार कार्ड बनाए और सबसे 50 से 80 रुपए तक लिए रमेश भटनागर, पूर्व सरपंच,ग्रपं,कपराना
वसूली की गई
हमारे पंचायत में दो आधार कार्ड बनाने वाले आए लोगों 60 से 100 रुपए तक की वसूली की। रघुवीर सिंह कुशवाह,उपसरपंच ग्राम पंचायत गुगरीपुरा
कार्रवाई करेंगे
कोई इस तरह की शिकायत तो हमसे करे। हम कार्रवाई करेंगे। नीतू माथुर,एडीएम शिवपुरी।
वसूली हुई आसान
आधार कार्ड राशन लेने के लिए व बैंक खाता खुलवाने, गैस कनेक्शन लेने सहित सरकारी योजनाओं में अनिवार्य कर दिया गया है। गांव में आधार कार्ड बनाने पहुंच रहे लोगों को मनमाने रुपए देने के लिए तैयार है। यदि पैसे नहीं दिए तो वे आधार से वंचित रहे जाएंगे तो उन्हें राशन सहित सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिलेगा।
पैसा खाकर गोल हुआ वेंडर
यहां वेंडरों ने नि:शुल्क आधार कार्ड के गांव-गांव में मशीनें लगाकर ग्रामीण जनता से मनमाने तरीके से 50 से लेकर 100 तक वसूल कर लिए। इसके बाद गांव में आधार कार्ड बनाने के नाम ग्रामीणों ं से हजारों रुपए वसूल कर उन्हें चूना लगाकर गायब हो गए है।ग्रामीणो का न आधार कार्ड पहुंचे हैं और न ही उन्हें अब इसकी जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है।
इन गांव में वसूले रुपए
कपराना, खैरोना, भरका, कुंगरपुर, खजूर, राजाकी मुढैरी,विजरावन, भौराना,सेमरी,गुगरीपुरा,रौदा,बसेई, चिटोरा, चिटोरी, अमरखोआ,रतिकिरार, ऐचबाड़ा, बैराड़, खराई जालिम, वन्हेराखुर्द सहित जिले के अधिकांश गांव के ग्रामीणों से आधार कार्ड बनाने के लिए अवैध रुपए से 80 से 100 रुपए तक वसूली की जा रही है।