शिवसेना मातृ-पितृ दिवस मनाकर वेलेंटाइन डे का पुतला फूंकेगी
शिवसेना जिला शिवपुरी 14 फरवरी को मातृ पितृ दिवस के रूप में मनाएगी तथा जे एनयू विश्वविद्यालय दिल्ली में संचालित गतिविधियों पर रोक लगाई जाकर संस्था को दिए जाने वाले अनुदान को बंद करने के संबंध में राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन दिया जाएगा। इसके अलावा शिवसेना ने वेलेंटाइन डे का विरोध कर माधव चौक चौराह पर पुतला दहन करने की तैयारी भी कर ली।
शिवसेना राष्ट्रीय अध्यक्ष उद्घव ठाकरे के आदेश पर मप्र राज्य प्रमुख ठाणेश्वर महावर एवं उप प्रमुख शैलेंद्र प्रताप सिंह से मिले निर्देशानुसार शिव सेना संगठन प्रमुख सुरेश धाकड़ एडवोकेट व जिला प्रमुख शिवकुमार शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि 14 फरवरी को पश्चिमी संस्कृति से प्रभावित होकर हमारे देश के भटके हुए युवा जो दिग्भ्रमित होकर भारतीय संस्कृति एवं संस्कार को भूलकर विदेशी त्योहारों को मनाते हैं, उनको रास्ते पर लाने के लिए और उनमें भारतीय संस्कारों व परंपराओं का निर्वहन करने को ध्यान में रखते 14 फरवरी को शिवसेना ने मातृ पितृ दिवस के रुप में मनाए जाने का बीणा उठाया है।
इसी क्रम में जिला शिवपुरी शिव सेना होटल, रेस्टोरेंट, पार्क और दर्शनीय स्थलों के चालकों से आग्रह करती है,कि अश्लीलता व फूहड़ता से बचे अन्यथा की स्थिति में स्वयं जिम्मेदार होंगे। तथा वेलेंटाइन का विरोध करने के उद्देश्य से विशाल रैली शिव सेना कार्यालय पोहरी रोड़ से प्रारंभ होकर पोहरी बस स्टैंड राजेश्वरी रोड़, गुरुद्वारा, माधव चौक से लक्ष्मी निवास हंस बिल्डिंग होते हुए अनाज मंडी कस्टम गेट से सदर बाजार होते हुए माधव चौक चौराह पर वेलेंटाइन का दोपहर 2 बजे पुतला दहन कर कोर्ट रोड़ होते हुए जिलाधीश कार्यालय पर ज्ञापन दिया जाएगा। जेएनयू विश्वविद्यालय दिल्ली में छात्र संघ अध्यक्ष द्वारा किए गए भारत विरोध कृत्य के लिए फांसी दिए जाने तथा जेएनयू मान्यता समाप्त कर भारत सरकार द्वारा दिए जा रहे अनुदान को बंद कर दोषी लोगों के विरुद्ध कार्रवाई करने बाबत महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन कलेक्टर को सौंपा जाएगा। जिसके लिए शिव सेना जिला कार्यालय पोहरी रोड़ पर समस्त पदाधिकारी व शिव सैनिकों को दोपहर 11 बजे रविवार को उपस्थित होने की अपील करती है।