बिना आईडी प्रूफ के नहीं देने दी परीक्षा
332 परीक्षार्थी रहे अनुपस्थित, शांतिपूर्ण निपटी व्यापमं की पर्यवेक्षक परीक्षा।
भास्करसंवाददाता| शिवपुरी
महिलाबाल विकास विभाग में पर्यवेक्षक पद के लिए रविवार को शहर के 17 परीक्षा केंद्रों पर हुई व्यापम परीक्षा में पूरी सख्ती बरती गई, जिसके चलते बिना फोटो आईडी प्रूफ के परीक्षा देने आईं आठ परीक्षार्थियों को प्रवेश नहीं दिया गया। इतना ही नहीं सभी परीक्षा केंद्रों पर क्लास-वन अधिकारी ने पूरे समय मौजूद रहकर परीक्षा पर नजर रखी। पहले चरण की परीक्षा में 332 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। उत्कृष्ट स्कूल शिवपुरी एवं शाउमावि क्रमांक-2 में सबसे अधिक 900 परीक्षार्थी होने की वजह से जब पेपर छूटा तो कोतवाली रोड पर रास्ता जाम हो गया।
परीक्षा में प्रशासनिक ऑब्जर्वर रहीं संयुक्त कलेक्टर नीतू माथुर ने बताया कि शहर में 17 परीक्षा केंद्रों पर पहली पाली में सुबह 5729 में से 5397 परीक्षार्थी ही परीक्षा केंद्र पर पहुंचे। एसपीएस स्कूल में चार उत्कृष्ट स्कूल में एक परीक्षार्थी सहित कुल 8 परीक्षार्थी अपने साथ फोटो आईडी प्रूफ लेकर नहीं आए, इसलिए उन्हें प्रवेश देने से रोक दिया गया। पीजी कॉलेज में कुछ परीक्षार्थी अपना फोटो राजपत्रित अधिकारी से प्रमाणित करवाकर नहीं लाए थे, इसलिए उन्हें पहले ही 15 मिनट का समय देकर कॉलेज में ही किसी प्रोफेसर से अटेस्टेड कराने के लिए कहा गया। परीक्षा में कक्षा 12वीं तक के कोर्स के अलावा आंगनबाड़ी केंद्रों से संबंधित अधिक प्रश्न पूछे गए।
संयुक्त कलेक्टर श्रीमती माथुर ने बताया कि व्यापम में पहले ही इतना सब कुछ हो चुका है, इसलिए परीक्षा में पूरी सख्ती रखी गई। एक फ्लाइंग स्क्वॉड डिप्टी कलेक्टर मुकेश शर्मा के नेतृत्व में घूमता रहा, जबकि सभी नायब तहसीलदार तहसीलदार सहित ऑब्जर्वर की टीम भी सतत भ्रमण करती रही। श्रीमती माथुर का कहना है कि व्यापम में जो कुछ पहले हुआ, वो परीक्षा केंद्र पर होकर भोपाल में ही हुआ। फिर भी परीक्षा में नियमों का पालन करवाया गया।
शिवपुरी| उत्कृष्ट विद्यालय में पर्यवेक्षक पद की परीक्षा देते परीक्षार्थी