142 प्राचार्य, 100 ही लेने आए परीक्षा सामग्री
9 वीं एवं 11 वीं की परीक्षा के लिए सामग्री का वितरण किया गया
भास्कर संवाददाता | शिवपुरी
शैक्षणिक सत्र 2016 में कक्षा 9 वीं एवं 11 वीं की वार्षिक परीक्षाएं बोर्ड पैटर्न पर ली जाएगी। इसके लिए मंगलवार को जिला मुख्यालय के उत्कृष्ट विद्यालय से परीक्षा सामग्री का वितरण किया गया। इस पेपर सामग्री देने के काम में अव्यवस्था का माहौल रहा। भोपाल से जो निर्देश आए थे उन नियमों का पालन नहीं किया गया। मंगलवार को सभी 142 केंद्रों के प्राचार्यों को यह पेपर सामग्री लेने के लिए आना था लेकिन केवल 100 केंद्रों से ही प्राचार्य या केंद्र अध्यक्ष यह सामग्री लेने के लिए आए। एक ही दिन में यह सामग्री बंटना थी। अब 42 केंद्रों की सामग्री बुधवार को बांटी जाएगी।
पेपर सामग्री के इस वितरण काम में विभिन्न केंद्रों के प्राचार्य परेशान होते देखे गए। इस सामान को लेने के लिए हाईस्कूल और हायर सेकंडरी प्राचार्यों को खुद अपने स्तर से व्यवस्था करनी थी इसलिए अपने स्तर से ही यह प्राचार्य व्यवस्था कर यह सामग्री ले गए। शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने केवल निर्देश जारी कर दिए, यह सामग्री कैसे ले जानी है इसके लिए बजट की कोई व्यवस्था नहीं की गई। जैसे-तैसे व्यवस्था कर 100 प्राचार्य अपने स्तर से सामान ले गए लेकिन कई स्थानों पर यह पेपर सामग्री देर शाम तक संबंधित थानों तक नहीं पहुंची। जबकि नियम यह था कि सामग्री शाम तक थानों तक पहुंचनी थी।
42 केंद्रों से प्राचार्य सामान लेने नहीं आए
जिले के 142 सेंटरों के लिए परीक्षा सामग्री बंटनी थी लेकिन 42 केंद्रों से प्राचार्य सामान लेने नहीं आए। अब बुधवार का शेष सामग्री बांटी जाएगी। अशोक श्रीवास्तव, प्राचार्य, उत्कृष्ट विद्यालय शिवपुरी
दो लोगों की उपस्थिति में निकलेंगे बंडल
कक्षा 9 वीं एवं 12 वीं की वर्ष 2015-16 की स्थानीय परीक्षाओं के लिए टाइम टेबल पहले ही घोषित किया जा चुका है। यह परीक्षा एक मार्च से शुरू हो रही हैं।
इसके पेपर सेट भोपाल से बनकर आए हैं। बोर्ड पैटर्न पर पूरी परीक्षा होगी और मूल्यांकन का काम अलग-अलग संकुल केंद्रों के हिसाब से होगा।
अफसरों ने बताया कि पेपर सेट थानों से परीक्षा वाले दिन ही दो लोगों की उपस्थिति में निकाले जाएंगे।