धूल खा रहीं 50 हजार फाइलें
रंगमहल गार्डन के सामने स्थित रजिस्ट्रार फर्म्स एंड सोसाइटी कार्यालय को जुलाई 2015 बसंत विहार से शिफ्ट किया गया था। शिफ्टिंग के चलते कार्यालय में रखी आठ जिलों की 50 हजार से अधिक फाइलें मिक्स हो गईं।
शिफ्टिंग के बाद कार्यालय की फाइलों को जमाया भी नहीं गया, जिसके चलते ये फर्श पर पड़ी-पड़ी धूल खा रही हैं। यहां जो भी लोग फाइलों की नकल या रिन्युअल कराने आ रहे हैं, रिकॉर्ड न मिलने के कारण उनके काम नहीं हो पा रहे हैं। एक शिकायत के आधार पर भास्कर टीम मौके पर पहुंची। टीम को इंस्पेक्टर डीआर यादव व ऑडिटर राजेंद्र शेंडगे अपना काम छोड़ फाइलें खोजते नजर आए। जब इस बारे में फर्म्स एंड सोसाइटी के रजिस्ट्रार शरद चंद तिवारी से बात की, तो उन्होंने शीघ्र ही कार्य को सिस्टमैटिक करने और स्टाफ की नियुक्ति की बात कहकर पल्ला झाड़ लिया।
कंप्यूटर खराब होने से मैनुअली हो रहा है काम: सूचना के अधिकार के तहत जो लोग जानकारी चाहते हैं, उनको ऑफिस से कोई जानकारी नहीं मिल पाती, क्योंकि यहां की फोटोकॉपी मशीन खराब पड़ी है। यही नहीं रिन्युअल व रजिस्ट्रेशन के दौरान भी दस्तावेज की फोटो कॉपी लगती है, लेकिन मशीन खराब होने के कारण ये कार्य भी प्रभावित होता है।
फर्म संचालक परेशान
फर्म्स एंड सोसाइटी ऑफिस में ग्वालियर के साथ ही गुना, शिवपुरी, अशोकनगर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया का रिकॉर्ड भी मौजूद है। इन सभी जिलों में संचालित की जाने वाली सोसाइटी व संस्थाओं के सभी काम यहीं से होते हैं। अब रिकॉर्ड तितर-बितर हो जाने के कारण अंचलभर के फर्म संचालक परेशान हो रहे हैं।
रिकॉर्ड मिक्स हो गया है
शिफ्टिंग के दौरान सभी जिलों का रिकॉर्ड मिक्स हो गया था। इस कारण दिक्कत आ रही है। हमने स्टाफ की संख्या बढ़ाने तथा रैक की खरीद के लिए मुख्यालय को पत्र लिखा है। बीएस सोलंकी, सहायक पंजीयक, फर्म्स एंड सोसाइटी
यह बात सही है कि ग्वालियर ऑफिस में स्टाफ की कमी व रिकॉर्ड मेंटेन न होने के कारण दिक्कत आ रही है। स्टाफ बढ़ाने के लिए प्रक्रिया चल रही है। शरद चंद्र तिवारी, रजिस्ट्रार फर्म्स एंड सोसाइटी