मिलावट रोकने के लिए चलेगा अभियान
शिवपुरी| जिले में मिलावटी कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए सैंपलिंग का काम अधिकारी करेंगे। कलेक्टर राजीव दुबे ने सोमवार को टीएल बैठक के दौरान अधिकारियों को इस बारे में निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने निर्देश दिए हैं कि जिले में खाद्य पदार्थों विशेष कर दूध से बनी खाद्य सामग्री में मिलावट की शिकायत को देखते हुए नगर पालिका एवं खाद्य विभाग के अधिकारियों द्वारा संयुक्त विशेष अभियान चलाकर दूध एवं उससे बने पदार्थों की जांच कर नमूने लेने का काम करें।
बैठक के दौरान कलेक्टर ने लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत प्राप्त आवेदनों के निराकरण की समीक्षा करते हुए सभी अधिकारियों निर्देश दिए कि आवेदकों को अधिनियम के तहत निर्धारित समय-सीमा में सेवाएं प्राप्त हो यह सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर ने सभी राजस्व अधिकारियों एवं जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देश दिए कि उनके क्षेत्र में शासकीय माफी मद के तहत दर्ज मंदिरों के आसपास, तालाब, सरोवर, बावड़ी या ऐसी जल संरचनाएं जिनमें पर्याप्त पानी रहता है उनका सर्वे कराकर उनका जीर्णोद्धार कराया जाए।