- Hindi News
- National
- नपाध्यक्ष उपाध्यक्ष आपस में भिड़े, महिला पार्षद बोलीं तुमसे अच्छी तो हम औरतें हैं
नपाध्यक्ष-उपाध्यक्ष आपस में भिड़े, महिला पार्षद बोलीं - तुमसे अच्छी तो हम औरतें हैं
आरोप : नपा की फाइलें ले जाते हैं घर, बिजली क्लेंप की फाइल कर दी है गायब
दो घंटे तक चली बैठक में अधिकांश समय हुआ शोर-शराबा
36 बिंदु हुए पास
पार्षदों के बीच हुई धक्का-मुक्की
भास्कर संवाददाता | शिवपुरी
नगरपालिका परिषद की मंगलवार को हुई बैठक में जोरदार हंगामा हुआ। सुबह 11 बजे से बैठक शुरू हुई। इससे पहले कि 36 बिंदुओं पर चर्चा शुरू होती, अध्यक्ष मुन्नालाल कुशवाह व उपाध्यक्ष अनिल शर्मा में नोकझोंक शुरू हो गई।
यह कहासुनी यहां तक बढ़ी कि उपाध्यक्ष ने माइक पकड़कर 10 मिनट तक अध्यक्ष के ऊपर एक के बाद एक कई आरोपों की बौछार कर दी। करीब 10 मिनट तक दोनों के बीच बहस और सफाई देने का सिलसिला चलता रहा। इस घटनाक्रम से परिषद का माहौल बेहद तनावपूर्ण हो गया। जैसे-तैसे सीएमओ ने दोनों को शांत कर बैठाया।
वार्ड क्रमांक 1 की महिला पार्षद भावना पाल ने नपाध्यक्ष के पास जाकर कह दिया कि- तुमसे अच्छी तो महिलाएं हैं, इस नगर पालिका को चला लेंगी। दो घंटे की बैठक में शोरगुल व हंगामा के बीच सभी 36 बिंदुओं को पास कर दिया गया। कुल मिलाकर पूरे समय आरोप - प्रत्यारोप ही लगते रहे।
पार्षद भानू दुबे और आकाश की बीच झड़प।
पार्षदों में धक्कामुक्की : परिषद की बैठक में उस समय जूतम पैजार की नौबत आ गई जब पानी के टैंकर के मसले पर वार्ड क्रमांक 9 के पार्षद आकाश शर्मा और वार्ड 38 के पार्षद भानु दुबे के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। यहां भानू ने आकाश को धक्का मार दिया जिससे वो गिरते-गिरते बचे। इसके बाद पार्षद अरुण पंडित ने बीच-बचाव किया।
अन्नी शर्मा ने की यशोधरा राजे की तारीफ : नपा उपाध्यक्ष अन्नी शर्मा ने नाम लिए बगैर कहा कि प्रदेश सरकार की एक महिला मंत्री ने मनियर तालाब की सफाई के लिए 98 लाख रुपये की प्रशासकीय और वित्तीय स्वीकृति दिलाई है ताकि तालाब का भराव कर शहर के वाटर लेवल को बढ़ाया जा सके।
सीएमओ साहब-बिजली की क्लेंप खरीदी फाइल मंगवा लो
उपाध्यक्ष अनिल शर्मा ने सीएमओ रणवीर सिहं और नपाध्यक्ष को चुनौती दी कि मैं आपको 30 मिनट का समय देता हूं कि आप बिजली के क्लेंप वाली फाइल यहां मंगवा लेंं तो मैं इस्तीफा देकर चला जाऊंगा। क्योंकि ये फाइल आफिस से गायब कर दी गई है। इसके बाद भी परिषद की बैठक में फाइल को न सीएमओ बुला पाए और न ही अध्यक्ष। दोनों इस मामलें में अपनी-अपनी गर्दन नीचे झुका ली थी।
राजमाता-माधवराव के नाम पर भी तकरार
शहर के चौराहे पर राजमाता सिंधिया और माधवराव सिंधिया की मूर्ति स्थापित करने का मामला भी उठा। लेकिन यहां भानू दुबे ने यह कहकर राजनीति गर्म कर दी कि एजेंडे में पहले मां का नाम होना था इसके बाद माधवराव सिंधिया यानि बेटे का नाम लिखा जाना था। परिषद ने इस गलती को स्वीकार भी किया।
बैठक में बिफरे भाजपा के लालजीत आदिवासी
भाजपा के लालजीत आदिवासी भी अध्यक्ष पर जमकर बिफर पड़े और उन्होंने कहा कि आदिवासी वार्ड होने के कारण उनके वार्ड में विकास का कोई काम नहीं हुआ। लाइट न होने के कारण पूरा वार्ड अंधेरे में डूबा हुआ है। उन्होंने कहा कि क्या आदिवासी होने की सजा हमें अंधेरे में रहकर गुजारनी होगी।
खोला भ्रष्टाचार का पिटारा
परिषद की बैठक में उपाध्यक्ष अनिल शर्मा और नपाध्यक्ष के बीच माइक पर ही तनातनी शुरु हो गई। उपाध्यक्ष ने जैसे ही भ्रष्टाचार का पिटारा खोलना शुरू किया। तो पहले तो मुन्नालाल चुपचाप बैठकर सुनते रहे लेकिन जब उपाध्यक्ष ने सारी परतें खोलनी शुरू कर दीं तो मुन्ना से रहा नहीं गया और वो भी उठ कर खड़े हो गए। इस पर अनिल शर्मा भी तेजी से उठ कर खड़े हो गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया। मुन्ना ने बीच-बीच में अन्नी के आरोपों को काटना भी चाहा लेकिन अन्नी ने उनकी एक न चलने दी। बाद में सीएमओ ने हस्तक्षेप कर दोनों को बैठाया।
नपा परिषद की बैठक में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष की बीच होती नोकझोंक।
यह बिंदु हुए पास
इस बार शिवरात्री पर लगने वाला मेला नपा लगाएगी। ठेका नहीं होगा।
डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन के लिए 3 करोड़ 27 लाख की वित्तीय स्वीकृति मिली,लेकिन टेंडर निरस्त, बड़े अखबारों में दोबारा होगा प्रकाशन
6 हाईडेंट बनाए जाने की मंजूरी मिली। पानी के लिए दो करोड़ का बजट पास
प्रत्येक वार्ड में अब रहेंगे सिर्फ 4 पंप अटेंडर,अभी 250 ड्यूटी पर बाकि हटाए जाएंगे।
मोटर मरम्मतीकरण का काम पार्षदों की अनुशंसा पर होगा। डालने और निकालने की भी स्वीकृति पार्षद देंगे।
शहर में बन रहीं सड़कों में अब किनारे-किनारे गिट्टी की पूरी सड़क बनाई जाएगी। रिपेयरिंग वर्क कर सील कोड सड़कें बनेंगी, इससे अब बन रहीं सड़कें पूरी बनेगी।
अध्यक्ष व बाबूओं के साथ ठेकेदार भी घर ले जाते हैं फाइलें
शहर बिजली के खंबो पर लगाने के लिए क्लेंप खरीदे गए। बाजार में उसकी कीमत 175 रुपए है लेकिन 595 रुपए प्रति क्लेंप भुगतान किया जा रहा है।
अध्यक्ष के घर और बाबुओं के घरों के साथ-साथ ठेकेदारों के घरों पर फाइलें जा रही हैं।
जल स्तर बढ़ाने के लिए मनीयर तालाब की खुदाई करा कर उसका गहरीकरण कार्य कराया गया। उसमें बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार किया गया।
ब्लिचिंग पाउडर की जगह चूना ट्रक में भर कर शहर में आता है। पकड़ कर जब जांच के लिए भोपाल भेजा जाता है। तो 6 लोग रातों रात भोपाल उस लेब तक पहुंच गए। जिससे वो रिपोर्ट प्रभावित हुई।
हेल्थ शाखा की महिला बाबू से मेरे द्वारा एक फाइल मांगी जाती है तो वो लिखकर मुझे दे जाती है कि उसके पास कोई फाइल नहीं है। फाइलें घरों पर बुलाकर उनमें हेरफेर किया जा रहा है।