बीएससी 5वे सेमेस्टर का पेपर लीक, परीक्षा निरस्त
पेपर लीक होने के बाद कॉलेजों के प्राचार्य बचते नजर आए
भास्कर संवाददाता | शिवपुरी।
जीवाजी यूनिवर्सिटी ग्वालियर द्वारा शुक्रवार को आयोजित किया गया बीएससी कैमिस्ट्री पांचवे सेमेस्टर का पेपर लीक हो जाने के कारण निरस्त कर दिया गया। अब इस पेपर की नए सिरे से तारीख घोषित की जाएगी।
पीजी कॉलेज की प्राचार्य डॉ अनीता जैन ने बताया कि शुक्रवार को यह पेपर सुबह 9 बजे से 12 बजे के बीच आयोजित था। तभी ग्वालियर से यूनिवर्सिटी से सूचना आई कि यह पेपर लीक हो गया है। उन्होंने बताया कि यूनिवर्सिटी से उन्हें बताया गया कि शिवपुरी कलेक्टर ने ग्वालियर फोन कर यह पेपर लीक होने की जानकारी दी थी। इसके बाद यूनिवर्सिटी ने इस पेपर को रद्द किया। प्राचार्य ने बताया कि शिवपुरी कॉलेज में यह पेपर लीक नहीं हुआ है। अंचल के किसी कॉलेज में यह पेपर लीक हुआ हो तो इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं। प्राचार्य का कहना था कि शुक्रवार को सुबह 8.40 बजे उन्हें ग्वालियर से फोन आ गया था। इसलिए पेपर निरस्त कर दिया गया। वहीं दूसरी ओर बताया गया है कि यह पेपर पिछोर में गुरुवार की रात को ही व्हाट्सएप पा आ गया था इसके बाद प्रशासन ने इसकी सूचना जेयू को दी। वहीं दूसरी ओर कुछ कॉलेजों में पेपर निरस्त की सूचना समय पर न मिल पाने के कारण यह परीक्षा कराई गई। पिछोर कॉलेज की प्राचार्य मनोरमा पाराशर ने बताया कि उनके कॉलेज से यह पेपर लीक नहीं हुआ है। उन्होंने यह जरूर कहा कि सूचना समय पर न मिलने से उनके कॉलेज में पेपर पूरा कराया गया और कॉपियां भी जमा हुई हैं। अब पेपर जेयू ग्वालियर से ही निरस्त हो गया है तो नए सिरे से इसकी सूचना आएगी।