यात्री बस पलटी, कंडक्टर की मौत
शिवपुरी से कदवाया जा रही थी बस, 12 यात्री घायल, अस्पताल में भर्ती
भास्कर संवाददाता|शिवपुरीकोलारस
थाना क्षेत्र में शिवपुरी से कदवाया जा रही यात्रियों से भरी यादव ट्रेवल्स की बस शुक्रवार की दोपहर पड़ोरा पुल के मोड़ पर ओवरटेक करते समय सामने से आ रहे ट्रक को बचाने के चक्कर में सड़क किनारे पलट गई जिसमें कंडक्टर सहित 12 यात्री घायल हो गए जिनमें पांच की हालत नाजुक होने पर कोलारस से जिला चिकित्सालय रैफर कर दिया गया। हादसे की सूचना मिलते ही गुरुद्वारा के सेवादार जत्थों ने आकर सभी घायलों को बस से निकाला। वहीं क्षेत्र के विधायक रामसिंह यादव ने मौके पर पहुंचकर घायलों का तुरंत उपचार करने के निर्देश मोबाइल पर कोलारस एवं शिवपुरी के चिकित्सकों को दिए।
पुलिस के मुताबिक शिवपुरी से वाया कोलारस होकर कदवाया जा रही यादव बस क्रमांक- एमपी 33 पी 0130 तेज गति से चली आ रही थी कि पडोरा पुल के अंधे मोड़ पर ड्राइवर ने ओवरटेक करने का प्रयास किया तभी विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक को बचाने के फेर में बस सड़क किनारे खाई में पलट गई जिसमें बस कंडक्टर शिवनाथ निवासी अलावदी उम्र 35 वर्ष की घटना स्थल पर ही दर्दनाक मृत्यु हो गई,इस घटना में एक दर्जन यात्री घायल हो गए जिनमें बच्चे एवं महिलाएं भी शामिल हैं। हादसे के बाद बस का ड्राइवर मौके से भाग गया।
ड्राइवर की लापरवाही से हुआ हादसा
यात्रियों के अनुसार यादव बस का चालक टाइम को कवर करने के लिए बस को तेज गति से चला रहा था। सेसई आते ही जब सवारियां उतरीं तब कंडक्टर ने ड्राइवर को बस की गति धीमी करने को कहा और यात्रियों ने भी ड्राइवर से रफ्तार कम करने को कहा था लेकिन ड्राइवर ने कंडक्टर सहित यात्रियों की बात पर ध्यान नहीं दिया जिससे हादसा हो गया।
कोलारस क्षेत्र में पलटी बस। इनसेट: बस पलटने के बाद सुरक्षित बचे यात्री।
बस दुर्घटना में ये यात्री हुए गंभीर रूप से घायल
बस हादसे में जो घायल हुए हैं उनमें उपेंद्र निवासी झिरी, नीतेश भार्गव निवासी रामौतार, शाकिर निवासी इंदार, महेश, किरन लोधी, राकेश, अंश, आस्था, श्वेता, बृजभान, विजयपाल निवासी सभी इंदार घायल हो गए जिनमें से पांच यात्रियों की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला चिकित्सालय रैफर कर दिया गया है। बस हादसे की सूचना मिलते ही गुरू द्वारा के सेवादार जत्थों ने सभी घायलों की मदद की एवं दूसरे वाहनों से कोलारस एवं शिवपुरी के अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने के बाद विधायक रामसिंह यादव भी मौके पर पहुंचे एवं जायजा लिया।