सरकारी जमीन कब्जाने पर पांच पर कार्रवाई
कलेक्टर ने राजस्व आयुक्त को कार्रवाई के लिए भेजा प्रस्ताव
भास्करसंवाददाता|शिवपुरी
पिछोरके ग्राम राजौर में एक सरकारी जमीन को निजी भूमि के रूप में दर्ज करने के मामले में कलेक्टर ने तत्कालीन तहसीलदार सहित पांच राजस्व कर्मचारियों पर कार्रवाई के लिए प्रस्ताव राजस्व आयुक्त को भेजा है। इसके अलावा जिन लोगों के नाम यह भूमि की गई उनके खिलाफ एफआईआर के निर्देश तहसीलदार को दिए हैं।
पिछोर के ग्राम राजौर में सरकारी भूमि जो पहाड़ के रूप में दर्ज है उसे बिना किसी सक्षम अधिकारी के आदेश के निजी भूमि स्वामी के नाम दर्ज करने के आरोप में पिछोर के तत्कालीन तहसीलदार एसके राय जो वर्तमान में भिण्ड जिले में पदस्थ है एवं नायब तहसीलदार राजेश माहौर जो उज्जैन जिले में पदस्थ है, को दोषी पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध कार्रवाई प्रमुख राजस्व आयुक्त को कलेक्टर द्वारा प्रस्तावित की गई है।
इसी प्रकार प्रकरण में लिप्त तत्कालीन राजस्व निरीक्षक वृत्त खोड राधावल्लभ श्रीवास्तव, तत्कालीन पटवारी लालाराम आदिवासी, तत्कालीन जूनियर डाटा एंट्री ऑपरेटर सतेन्द्र व्यास के विरुद्ध भी अनुशासनात्मक कार्रवाई प्रस्तावित की गई है। तहसील पिछोर के पटवारी हल्का नंबर 15, राजस्व निरीक्षक वृत्त-01 खोड के ग्राम राजौर में शासकीय सर्वे नंबर 139, रकबा 27.900 हेक्टेयर भूमि वर्ष 2007-08 लगायत वर्ष 2009-10 शासकीय पहाड़ के रूप में दर्ज है, जो वर्ष 2010-11 में बिना किसी सक्षम आधिकारी के आदेश निजी भूमि स्वामी सालीगराम पुत्र सुखनंदन, दिनेश पुत्र सालीगराम, सुखवंती पत्नी दिनेश जाति ब्राह्मण के नाम पर फर्जी तरीके से दर्ज कराई गई। इनके विरुद्ध तहसीलदार पिछोर को एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं।