सराफा दुकानें रहीं बंद, एक करोड़ का कारोबार प्रभावित, ग्राहक लौटे
दो लाख रुपए की खरीद पर पैन कार्ड की अनिवार्यता का विरोध
नए नियम का खिलाफ सराफा दुकानदारों ने रखी दुकानें बंद
भास्कर संवाददाता | शिवपुरी
जिले भर के सराफा व्यापारी बुधवार को हड़ताल पर रहे। केंद्र सरकार द्वारा लाए नए कानून की 2 लाख रुपए या इससे अधिक की खरीद पर पैन कार्ड को अनिवार्य बनाने के नियम का इन सराफा व्यापारियों ने विरोध जताया है। इस विरोध के चलते बुधवार को जिला मुख्यालय पर सराफा मार्केट पूरी तरह बंद रहा। इसके अलावा अंचल में भी दुकानें बंद रहीं। इस हड़ताल के कारण एक करोड़ रुपए का कारोबार प्रभावित रहा है।
शिवपुरी में सराफा व्यवसायियों ने अपनी दुकानें और प्रतिष्ठान बंद रख हड़ताल में सहभागिता प्रदर्शित की। सराफा व्यवसाय संघ के अध्यक्ष मनीष काका और स्वर्णकार एसोसिएशन अध्यक्ष मनीष सोनी ने बताया कि अभी तक 5 लाख या इससे अधिक की खरीद पर पेन कार्ड की अनिवार्यता थी, लेकिन सरकार ने इस सीमा को घटाकर दो लाख कर दिया है। जिससे देश भर का सराफा व्यवसाय प्रभावित होने की आशंका है। दोनों पदाधिकारियों ने बताया कि 1 जनवरी से रतन या आभूषण केन्द्र पर नगद या कार्ड के जरिए दो लाख रुपए एवं उससे अधिक के सभी लेनदेन के लिए पैनकार्ड अनिवार्य किया गया है। इसके विरोध में कारोबार से जुड़े करीब तीन सौ संगठन और देश भर में एक लाख से ज्यादा सर्राफा की दुकानें बंद रही। उन्होंने बताया कि सरकार के इस तुगलकी फरमान से 1 जनवरी से अब तक कारोबार में 30 फीसदी तक गिरावट महसूस की गई है और यह आंकड़ा पूरे उद्योग जगत के लिए एक संकट की घड़ी है। छोटे कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों में अधिकांश लोगों के पास पेन कार्ड नहीं होते हैं। सराफा व्यवसाय संघ शिवपुरी के सदस्य रमेश धाकड़, हर्षवर्धन कोचेटा, तेजमल सांखला, घनश्याम गर्ग, प्रदीप काष्टया, विनोद मित्तल, नवीन सांखला, सोहन मित्तल, हेमचंद जैन, राजकुमार कोचेटा, ब्रजमोहन गर्ग आदि सदस्यों ने पेन कार्ड की अनिवार्यता पर रोष व्यक्त किया है।
हमें लौटना पड़ा
हमारे घर में शादी है कुछ आभूषण लेने थे लेकिन बुधवार को जब सराफा बाजार गए तो पता चला कि हड़ताल के कारण दुकानें बंद हैं, घर लौटना पड़ा। अनीता अग्रवाल, गृहणी शिवपुरी
जो खरीदी चल रही है वह और प्रभावित हो जाएगी
सरकार के इस निर्णय से हमारे व्यवसाय पर प्रभाव पड़ेगा। पहले से ही मार्केट में मंदी का वातावरण है। अब पैन कार्ड की अनिवार्यता से जो थोड़ी बहुत खरीदी चल रही है वह और प्रभावित हो जाएगी। मनीष सोनी , अध्यक्ष, स्वर्णकार एसोसिएशन
एक करोड़ का कामकाज प्रभावित रहा
केंद्र सरकार के नए निर्देशों के कारण सभी सराफा व्यापारी हड़ताल पर रहे। इस हड़ताल के कारण एक करोड़ का कामकाज प्रभावित रहा है। आने वाले दिनों में सरकार ने यह निर्णय नहीं बदला तो हम आंदोलन करेंगे। मनीष काका, अध्यक्ष, सराफा व्यवसाय संघ