पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • 175 का क्लैंप 900 में खरीदने की नोटशीट बन गई, राज खुला तो फाइल रिकॉर्ड से हटाई

175 का क्लैंप 900 में खरीदने की नोटशीट बन गई, राज खुला तो फाइल रिकॉर्ड से हटाई

5 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
शाखा के बाबू ने लिखा- मेरे पास भी नहीं है मामले से जुड़ी फाइल

भास्कर संवाददाता | शिवपुरी

175 रुपए कीमत का क्लैंप 900 रुपए की दर से खरीदने के लिए नोटशीट पर मंजूरी दे दी गई। गुपचुप टेंडर बुलाकर किसी गोयल कंस्ट्रक्शन फर्म को ठेका भी दे दिया गया। लेकिन जब राज खुला तो नगरपालिका दफ्तर के लोगों ने नपा के रिकॉर्ड से पूरी फाइल ही हटा दी। सीएमओ रणवीर कुमार का कहना है कि मैंने मामले की जांच के आदेश दिए हैं, जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

1200 स्थानों पर लगाई जाना है स्ट्रीट लाइट

शहर में 1200 स्थानों पर स्ट्रीट लाइट लगाई जाना है। खंबों पर हाई मास्ट और हैलोजन बल्व को कसने के लिए क्लैंप की जरूरत होती है। लेकिन गुपचुप तरीके से नगर पालिका के अफसरों ने 1200 की जगह 4 हजार क्लैंप सप्लाई करने के लिए निविदा बुला ली। टेंडर मंजूर कर गोयल कंस्ट्रक्शन कंपनी को काम भी आवंटित कर दिया गया।

क्लैंप का बाजार भाव

बाजार में एक क्लैंप 175 रुपए में खरीदा जा सकता है। गोविंद हार्डवेयर के संचालक ने बताया कि अच्छी कंपनी का क्लैंप वह 250 रुपए में उपलब्ध करा देगा। लेकिन यदि एक सैकड़ा से अधिक क्लैंप खरीदेगा तो एक की कीमत 175 रुपए ही होगी।

हमने तो सिर्फ 400 क्लैंप खरीदे हैं
नपा के हेल्थ आफिसर गोविंद भार्गव ने फोन पर दैनिक भास्कर संवाददाता से कहा कि उपाध्यक्ष ने क्लैंप मामले को हवा दे दी है। जबकि हमने तो सिर्फ 400 क्लैंप ही खरीदे हैं। दरें अभी हम तय कर रहे थे। हम अगले तीन दिन में पूरे मामले की फाइल सीएमओ को पेश करेंगे। चूंकि यह फाइल हम पीआईसी के लिए भेज चुके थे, इसलिए बाबू के पास नहीं है।

खरीदी में पार्षदों का भी गठजोड़
सूत्रों का कहना है कि क्लैंप खरीदी के इस गोरखधंधे में तीन पार्षद, एक जनप्रतिनिधि के पुत्र भी शामिल हैं। हालांकि बीते रोज नपा परिषद की बैठक में इस मुद्दे पर हंगामा होने के बाद अब ये लोग फूंक-फूंककर कदम रखेंगे।

लिपिक ने लिखकर दिया मेरे पास नहीं है फाइल
घोटाले की भनक लगने पर नपा उपाध्यक्ष अन्नी शर्मा ने क्लैंप सप्लाई की फाइल बनी को संबंधित शाखा की लिपिक सुषमा श्रीवास्तव से मांगा। सुषमा ने तीन दिन बाद एक नोट शीट बनाकर दी, जिस पर उसने लिखा कि मैं तीन दिन से संबंधित अधिकारियों से फाइल मांग रही हूं, लेकिन मुझे ही फाइल उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। इसलिए मैं आपको फाइल नहीं दे सकती।

नगरपालिका कार्यालय में बैठक के दौरान वार्ड 11 की पार्षद नीलम बघेल क्लैंप (लाल घेरे में) दिखाती हुईं। (फाइल फोटो)

मैंने दे दिए हैं जांच के आदेश,कार्रवाई होगी
मुझे तो शिवपुरी नपा में आए सिर्फ 10 से 15 दिन ही हुए हैं। आगे से ऐसा कुछ नहीं होगा। मैंने जांच के आदेश दिए हैं। जो भी दोषी होगा कार्रवाई होगी। रणवीर कुमार, सीएमओ, नपा

गड़बड़ करने वालों को हम छोड़ेंगे नहीं

मुझे पता लगा है कि चोरी छिपे अब फाइल पर सप्लाई कि दर और संख्या बदली जा रही है। लेकिन गड़बड़ी करने वालों को हम छोड़ेंगे नहीं। अन्नी शर्मा, उपाध्यक्ष, शिवपुरी

खबरें और भी हैं...