कक्ष निर्माण में अनियमितताओं का आरोप
शिवपुरी| मनपुराकस्बे में नव निर्मित हायरसेकंडरी स्कूल के अतिरिक्त कक्ष निर्माण में जमकर अनियमितताएं बरती गई हैं। बरामदा हो या फिर शौचालय का निर्माण, सभी कक्षों की दीवारें जगह-जगह से दरक रहीं हैं, वहीं छत निर्माण में गुणवत्ता की अनदेखी से बारिश का पानी टपकता रहता है। ग्रामवासियों का आरोप है कि शिकायत के बाद भी निर्माण एजेंसी पीडब्ल्यूडी द्वारा अब तक खराब निर्माण कार्य को दुरुस्त नहीं किया गया है। इस संबंध एसडीएम अश्वनी रावत को की गई एक लिखित शिकायत की जानकारी देते हुए जनपद सदस्य जगदीश कलावत, रमेश लोधी, रामेश्वर लोधी तथा दीपक योगी आदि ने बताया कि स्कूल के अतिरिक्त कक्ष निर्माण में रेत का उपयोग अधिक मात्रा में किया गया है। यही बजह है भवन की दीवारें जगह-जगह से चटक गईं हैं, जिनसे हाथ लगाते ही सीमेंट झड़ता है। ग्राम पंचायत की बैठक में भी निर्माण कार्य को दुरुस्त कराए जाने का ठहराव प्रस्ताव पास किया गया था, लेकिन दुरुस्ती के नाम पर निर्माण एजेंसी द्वारा अब तक लीपापोती ही की गई है। उन्होंने पीडब्ल्यूडी विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से करीब आधा करोड़ की राशि से निर्मित स्कूल भवन के निर्माण की निष्पक्ष जांच कराए जाने की मांग की है।