स्कूल की व्यवस्थाएं सुधारने की मांग
बहुजनसमाज पार्टी का जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन सोमवार को गोहिल सभागार में आयोजित था। बाद में कार्यकर्ताओं द्वारा क्षेत्र की समस्याओं को लेकर एक ज्ञापन भी प्रशासन को सौंपा गया।
सुबह 11 बजे से आयोजित होने वाला बसपा के कार्यकर्ता सम्मेलन में दोपहर 12 बजे तक आधी कुर्सियां खाली थी। इस आयोजन के मुख्य अतिथि तथा पदाधिकारियों के लेट आने की वजह से एक बजे कार्यक्रम विधिवत शुरू हो सका। उपस्थित वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं से संगठन हित में अधिक से अधिक कार्य करने तथा आम जनता की समस्याओं के निदान के लिए आगे बढ़कर कार्य करने का अनुरोध किया। इस दौरान वक्ताओं द्वारा केन्द्र और प्रदेश भाजपा सरकार की दलित विरोधी नीतियों की निंदा भी की गई। सम्मेलन को बसपा के प्रदेश प्रभारी सुमरतसिंह, जोन प्रभारी सुनील बोरसे, इमरतलाल तिलवार, मुबारक अली तथा अन्य पदाधिकारियों ने भी संबोधित किया। इसके उपरांत कार्यकर्ताओं द्वारा सिरोंज क्षेत्र की समस्याओं को लेकर राज्यपाल को संबोधित एक ज्ञापन भी प्रशासन को सौंपा गया। ज्ञापन में शासकीय अस्पताल की व्यवस्था में सुधार, शासकीय स्कूलों की व्यवस्थाओं में सुधार तथा शिक्षकों के पदों को भरने, वृद्धावस्था पेंशन वितरित करवाने, गरीबों को रोजगार गारंटी योजना का लाभ दिलवाने, गरीबी रेखा की सूची में पात्र लोगों का नाम शामिल किए जाने, क्षेत्र के किसानों को फसल बीमा का लाभ दिलाने, क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाने, आकलित खपत के बिजली बिलों से परेशान उपभोक्ताओं की समस्या का निदान करने, शहर की प्रमुख सड़कों की दुर्दशा में सुधार तथा छात्रावासों की दयनीय स्थिति में सुधार की मांग की गई है।
सिरोंज। बसपाके जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन गोहिल सभागार में हुआ।