- Hindi News
- सरपंचों ने ज्ञापन सौंपकर मांगी निर्माण कार्यों के लिए राशि
सरपंचों ने ज्ञापन सौंपकर मांगी निर्माण कार्यों के लिए राशि
क्षेत्रके सरपंचों ने अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मनरेगा और जनपद पंचायत क्षेत्र में हुए निर्माण कार्यों से संबंधित राशि जारी करवाने की मांग की। सरपंचों ने जनधन योजना के क्रियान्वयन में जुटे उपयंत्रियों की ड्यूटी हटाकर उनसे निर्माण कार्यों का मूल्यांकन करवाने की मांग भी की है। क्षेत्र की अधिकांश पंचायतों को छह महीने से अधिक समय से आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। शासन द्वारा पंचायतों के खातों में किसी प्रकार की राशि नहीं भेजी जा रही है। इस वजह से पंचायत क्षेत्र में हुए लाखों रुपए के निर्माण कार्यों का भुगतान अटका हुआ है। अनेक पंचायतों के सरपंचों ने दुकानदारों से निर्माण सामग्री उधार लेकर निर्माण कार्य पूर्ण करवा लिए थे।
अब ये दुकानदार अपनी उधारी वसूलने के लिए सरपंचों के घरों के चक्कर काट रहे हैं। खातों में रुपए नहीं आने की वजह से सरपंच भी कर्जदारों का सामना नहीं कर पा रहे हैं। शुक्रवार को क्षेत्र के सरपंचों को जिला पंचायत के अतिरिक्त कार्यपालन अधिकारी भूपेंद्र गुप्ता के सिरोंज आने की जानकारी मिली थी। इसके चलते सभी सरपंच एकत्रित होकर जनपद पंचायत परिसर में पहुंचे। यहां पर उन्होंने विधायक प्रतिनिधि राकेश रघुवंशी के नेतृत्व में मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन श्री गुप्ता को सौंपा।
ज्ञापन में बताया कि मजदूरों और निर्माण एजेंसी को राशि का भुगतान नहीं होने की वजह से उन्हें तरह-तरह की बातें सुनना पड़ रही हंै। सरपंचों का कहना था कि शीघ्र ही पंचायत चुनाव आने वाले हैं। इससे सरपंचों का कार्यकाल खत्म हो जाएगा। ऐसी स्थिति में अनेक सरपंचों को कर्जदार रहते हुए कार्यकाल खत्म करना पड़ेगा। इस दौरान सरपंचों ने क्षेत्र में कार्यरत उपयंत्रियों की ड्यूटी जनधन योजना कार्य से हटाने की मांग भी की। सरपंचों द्वारा अपनी मांगों से एसडीएम चंद्रमोहन ठाकुर को भी अवगत कराया गया है।
ज्ञापन सौंपने वालों में सरपंच राकेश रघुवंशी, माखनसिंह गुर्जर, मोहम्मद शकील कुरैशी, खुशालसिंह रघुवंशी, सागरसिंह दांगी, राजेंद्र सिंह तथा लालसिंह सहित अनेक लोग शामिल हंै।
सिरोंज।एसीईओ कोसरपंचों ने सौंपा ज्ञापन।