पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • काला बाजार में जल्दी शुरू होगा अस्पताल, रिटा. डॉक्टर देंगे सेवाएं

काला बाजार में जल्दी शुरू होगा अस्पताल, रिटा. डॉक्टर देंगे सेवाएं

5 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
एक कंपाउंडर, एक नर्स, दो वार्ड बॉय भी देंगे सेवाएं

भास्कर संवाददाता|सिरोंज

नगर वासियों के लिए अच्छी खबर है। काला बाजार स्थित प्राथमिक चिकित्सा केन्द्र एक-दो दिन में शुरू होने वाला है। मंगलवार से चिकित्सा केन्द्र की सफाई का काम शुरू हो गया है। केन्द्र पर सेवानिवृत्त डा. बीएल शर्मा सेवाएं देंगे। उनकी नियुक्ति प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।

भोपाल रोड स्थित राजीव गांधी स्मृति चिकित्सालय की नगर से दूरी को देखते हुए साल भर पहले तत्कालीन एसडीएम चंद्रमोहन ठाकुर ने नगर के काला बाजार स्थित पुराना अस्पताल परिसर में प्राथमिक चिकित्सा केन्द्र शुरू करने का प्रस्ताव तैयार किया था। इसके लिए उन्होंने मेरा सिरोंज अभियान के माध्यम से राशि एकत्रित की थी। जब तक वे सिरोंज में पदस्थ रहे तब तक चिकित्सा केन्द्र की मरम्मत तथा नवीनीकरण का काम तेजी से चलता रहा। केन्द्र के नवीनीकरण में नपा प्रबंधन ने भी सहयोग किया।

नपा द्वारा केन्द्र के बाहर बाउंड्रीवाल तथा टीन शेड का निर्माण करवाया गया है। एसडीएम चंद्रमोहन ठाकुर के स्थानांतरण के बाद केन्द्र का काम बेहद धीमा हो गया तथा स्वास्थ्य विभाग का रवैया भी लापरवाही भरा हो गया था। इस वजह से केन्द्र की शुरुआत नहीं हो पा रही थी। नागरिक करीब छह महीने से केन्द्र की शुरुआत का इंतजार कर रहे थे। नागरिकों का यह इंतजार अब खत्म होने वाला है। आगामी एक-दो दिन में प्राथमिक चिकित्सा केन्द्र की शुरू होने वाला है। केन्द्र पर सेवा देने के लिए नगर के सेवानिवृत्त चिकित्सक डाक्टर बीएल शर्मा का अपाईमेंट हो चुका है। सोमवार को उन्होंने राजीव गांधी स्मृति चिकित्सालय में ज्वाइनिंग भी दे दी हैै। अब वे केन्द्र पर सेवा देने के लिए विभागीय निर्देश का इंतजार कर रहे है। डा. शर्मा के अलावा केन्द्र पर 1 कंपाउंडर, दो नर्स तथा एक वार्ड बाय की नियुक्ति भी की गई है।

दूरी से मिलेगी निजात
राजीव गांधी स्मृति चिकित्सालय सिरोंज नगर से 2 किमी दूरी पर स्थित है। दूरी के कारण नगरीय क्षेत्र के मरीजों का अस्पताल की ओर रुझान बेहद कम है। अस्पताल जाने और वापस आने के लिए मरीजों को आॅटो चालक को 100 रुपए किराया देना पड़ता है। इस कारण लोग नगरीय इलाके में झोला छाप डाक्टर के यहां पर ही इलाज करवाना बेहतर मानते है। नगर के भीतर प्राथमिक चिकित्सा केन्द्र शुरू होने से लोगों को बड़ी राहत मिल जाएगी।

असमंजस में है प्रबंधन
प्राथमिक चिकित्सा केन्द्र शुरू करने को लेकर राजीव गांधी अस्पताल प्रबंधन असमंजस में है। प्रबंधन को डा. बीएल शर्मा की ज्वाइनिंग की जानकारी तो है लेकिन केन्द्र की शुरूआत कब होगी, इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं है। बीएमओ डा. विजयलक्ष्मी नागवंशी का कहना है कि प्राथमिक चिकित्सा केन्द्र की सफाई के बाद जरूरी सभी चीजें वहां पहुंचा दी गई हैैं। केन्द्र की शुरुआत एक-दो दिन में हो सकती है। वहीं डा. बीएल शर्मा का कहना है कि मैंने ज्वाइनिंग दे दी है। केन्द्र की शुरुआत का इंतजार कर रहा हूं।

शुरू हो गई केन्द्र की सफाई
नवनिर्माण के बाद पिछले छह महीने से प्राथमिक चिकित्सा केन्द्र पर ताला डला हुआ था। सोमवार को डा. बीएल शर्मा की ज्वाइनिंग के बाद मंगलवार को केन्द्र का ताला खुल गया। दिनभर केन्द्र की सफाई का काम चलता रहा। नवनिर्मित हिस्सा तथा पुराने परिसर दोनों की सफाई के बाद राजीव गांधी स्मृति चिकित्सालय से दवाइयां भी केन्द्र पर आ गई हैं। केन्द्र पर फर्नीचर तथा अन्य सामग्री पहले ही आ गई थी।

एक दो दिन में शुरू होगा प्राथमिक चिकित्सा केंद्र।

खबरें और भी हैं...