55 नियमित विद्यार्थियों को किया स्वाध्यायी
अभाविप ने एसडीएम से की माशिमं की शिकायत
भास्कर संवाददाता| सिरोंज
साल भर नियमित स्कूल में अध्यापन करने वाले नगर के 55 छात्र-छात्राओं को माशिमं द्वारा स्वाध्यायी बना दिया है। इसकी शिकायत गुरुवार को अभाविप ने एसडीएम से की।
गंगाबाई जगमोहनदास हासे स्कूल में पढ़ने वाले कक्षा 12 के छात्रों को प्रदान किए गए प्रवेश पत्र में स्वाध्यायी दर्शाया गया है। जब इस संबंध में स्कूल प्रबंधन से चर्चा की तो प्रबंधन ने माशिमं की गलती का हवाला देते हुए इस संबंध में माशिमं अधिकारियों से चर्चा का आश्वासन दिया है। गुरुवार को सभी छात्रों ने तहसील परिसर पहुंचकर एसडीएम को अपनी परेशानी से अवगत कराया। नगर अध्यक्ष पूरन साहू के नेतृत्व में तहसील परिसर पहुंचे छात्र-छात्राओं ने माशिमं सचिव को संबोधित ज्ञापन में प्रबंधन की त्रुटि का हवाला देते हुए स्कूल प्रबंधन से पूरा एक साल का शुल्क वापस करवाने की मांग की है। ज्ञापन सौंपने वालों में शिवम शर्मा, अंकित सुमन, नितिन मालवीय, अभिषेक शर्मा, प्रशांत रजक तथा पवन शर्मा आदि शामिल हैं। इस संबंध में गंगाबाई स्कूल की प्राचार्य अचला शर्मा ने बताया कि 12 वीं की परीक्षा में बैठने वाले स्कूल के सभी 55 छात्र-छात्राओं को माशिमं द्वारा स्वाध्यायी दर्शा दिया गया है। इस संबंध में माशिमं प्रबंधन को अवगत करा दिया है।
नियमित छात्रों को स्वाध्यायी किए जाने के विरोध में एसडीएम को ज्ञापन सौंपा।