संविदा कर्मचारियों की हड़ताल से काम प्रभावित
जनपद पंचायत परिसर में चल रहा मप्र संविदा कर्मचारी संघ का धरना शुक्रवार को पांचवें दिन भी जारी रही। इस दौरान धरने पर बैठे रोजगार सहायकों ने आम जनता से अपने लिए समर्थन मांगा।
नियमितिकरण तथा अन्य मांगों को लेकर मप्र संविदा कर्मचारी संगठनों ने 8 फरवरी से हड़ताल शुरू कर दी थी। उनकी यह हड़ताल पांच दिन बाद शुक्रवार को भी जारी रही। जनपद पंचायत परिसर में धरने पर बैठे रोजगार सहायकों ने इस दौरान आमजन को अपनी मांगों की जानकारी देकर अपने लिए समर्थन मांगा। उनकी यह हड़ताल 14 फरवरी तक जारी रहेगी। हड़ताल की वजह से जनपद पंचायत और ग्राम पंचायतों का काम-काज ठप पड़ा हुआ है। रोजगार सहायकों के न होने की वजह से मनरेगा से जुड़े कोई भी काम जनपद पंचायत में नहीं हो रहे हैं। पंचायतों की डिमांड नहीं मिल पा रही। जनपद पंचायत में आने वाले ग्रामीणों को निराश होकर लौटना पड़ रहा है। अधिकारियों और पंचायत सचिव लोगों से सोमवार के बाद आने की बात कह रहे हैं।