मोमबत्ती की रोशनी में देना पड़ी परीक्षा
शहरके एलबीएस कालेज के छात्र-छात्राओं को शुक्रवार को मोमबत्ती की रोशनी में परीक्षा देना पड़ी। शुक्रवार को दोपहर तीन बजे से बीएससी एवं एमकाम थर्ड सेमेस्टर का पेपर था। परीक्षा के दौरान ही शाम साढ़े पांच बजे करीब कालेज की बिजली गुल हो गई। आसमान में छाए बादलों की वजह से अंधेरा गहरा गया था। बिजली गुल होने की वजह से परीक्षा कक्षों में भी अंधेरा छा गया।
कालेज में रखा जनरेटर भी काम नहीं कर रहा था। प्रबंधन द्वारा पहले तो मोबाइल से कक्षों में रोशनी का प्रबंध किया गया। इसके बाद फटाफट मोमबत्ती की व्यवस्था कर पेपर पूर्ण करवाया गया। इस दौरान प्रबंधन द्वारा प्रत्येक परीक्षार्थी की टेबल पर एक मोमबत्ती रखी गई थी। परीक्षार्थियों को आखरी के बीस मिनट तक मोमबत्ती की रोशनी में परचा हल करना पड़ा। परीक्षा के बाद छात्रों ने प्रबंधन के प्रति अपनी नाराजगी भी जताई। छात्र मंसूर खान ने बताया कि इसी तरह की स्थिति 9 दिसंबर को आयोजित परीक्षा के दौरान भी बनी थी। इसके बाद भी प्रबंधन ने व्यवस्था में सुधार नहीं किया। कालेज के प्राचार्य मनीष शर्मा ने बताया कि अचानक बिजली गुल होने की वजह से परीक्षार्थियों को परेशानी उठाना पड़ी। जिस समय बिजली गुल हुई थी। उस समय 60-70 परीक्षार्थी मौजूद थे। हमने सभी के टेबल पर मोमबत्ती की व्यवस्था करवा दी थी। हमारी कोशिश रहेगी कि भविष्य मेंं इस तरह की स्थिति बने।