- Hindi News
- कंट्रोल दुकानों से नहीं मिल रही खाद्य सामग्री
कंट्रोल दुकानों से नहीं मिल रही खाद्य सामग्री
सिरोंज| इसमाह का राशन नहीं मिलने से परेशान क्षेत्र के हजारों उपभोक्ताओं की परेशानी से पूर्व पार्षद अयूब अली राना ने एसडीएम चंद्रमोहन ठाकुर को अवगत कराया।
एसडीएम श्री ठाकुर को सौंपे ज्ञापन में श्री राना ने बताया कि शहर के अनेक उपभोक्ताओं को फरवरी मेें कंट्रोल की दुकान से राशन नहीं मिल सका है। जानकारी जुटाने पर बताया गया कि इन लोगों ने जन धन योजना में अपना खाता सम्मिलित नहीं किया है। श्री राना ने बताया कि गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले क्षेत्र के हजारों नागरिकों के आधार कार्ड सिर्फ इस वजह से नहीं बन पा रहे हैं क्योंकि उनकी उंगलियों के निशान मशीन पर नहीं पा रहे हंै। इसके साथ ही अनेक नागरिक ऐसे भी हैं जो विभिन्न वजह से जन-धन योजना में अपने खाते नहीं खुलवा पाए हैं।
ऐसी स्थिति में इन गरीब लोगों का राशन बंद करना गलत है। गरीबों के घर चूल्हा भी नहीं जल पा रहा है।
राशन की दुकानों के लगातार चक्कर काटने के बाद भी लोगों को उनका राशन नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने गरीबों को उनका राशन दिलवाने की मांग एसडीएम से की है।