- Hindi News
- रोड लेआउट से बाहर के पेड़ों पर चलवाई जेसीबी, जांच के आदेश
रोड लेआउट से बाहर के पेड़ों पर चलवाई जेसीबी, जांच के आदेश
निपानिया हुरहुर के ग्रामीण ने दिया जनसुनवाई में आवेदन, अन्य मामलों की भी सुनवाई हुई
भास्करसंवाददाता | देवास
मल्हारस्मृति मंदिर में जनसुनवाई में 54 आवेदन आए। जिला पंचायत सीईओ अभिषेक सिंह ने समस्याएं सुनी। निराकरण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। एसपी अभय सिंह, देवास बागली एसडीएम, तहसीलदार आदि उपस्थित थे। नरेंद्रसिंह सिसौदिया नि. निपानिया हुरहुर ने आवेदन में आरोप लगाया ग्राम पंचायत के रोजगार सहायक ने सड़क निर्माण के लिए डाले गए लेआउट के विरूद्ध जेसीबी मशीन चलवाई। चंदन के पेड़ उखड़वा दिए जबकि ये पेड़ लेआउट से लगभग 6 फीट बाहर थे। सीईओ ने जांच के आदेश दिए हैं।
लता राजेंद सोनी नि. आदर्श नगर ने बताया पुत्र संदीप आईपीएस कॉलेज इंदौर में पढ़ रहा है। प्रथम वर्ष की फीस जमा करा दी है। पढ़ाई जारी रखने के लिए शिक्षा ऋण की आवश्यकता है। जुलाई से कई बैंकों में शिक्षा ऋण के लिए संपर्क किया लेकिन सुनवाई नहीं हुई। सीईओ ने एलडीबी मैनेजर को निर्देश दिए।
विष्णु शिंदे नि. गांव धंधेडा-सोनकच्छ ने बताया वर्ष 2011 से आयशर कंपनी में कार्यरत है। 2013 में पेट दर्द होने पर उपचार बीमा चिकित्सालय में कराया था। बीमा अस्पताल की ओर से बाम्बे अस्पताल में उपचार कराया गया। 19 हजार रुपए व्यय हुए। कंपनी द्वारा व्यय राशि की वसूली वेतन से 2000 प्रतिमाह काटी जा रही है जबकि नियमित रूप से बीमा काटा जाता था। वेतन से राशि नहीं काटने का अनुरोध किया।
समग्र आईडी में वर्ग संशोधित किया जाए
जाकिरहुसैन, आबिद, कादर खां, नौशाद, अख्तर खां नि. बागली ने आवेदन में बताया नगर पंचायत द्वारा बनाई गई समग्र आईडी में उनकी श्रेणी सामान्य दर्ज की गई है जबकि पिछड़ा वर्ग के हैं। संशोधन कर सही इंट्री कराने का आग्रह किया। नारायण रतनलाल नि. गांव लिंबोदा ने बीपीएल राशनकार्ड पर राशन के लिए पात्रता पर्ची नहीं जारी हाेने की शिकायत की। सरपंच, सचिव पर संतोषजनक जवाब नहीं देने का आरोप लगाया।
जनसुनवाई में 54 आवेदन आए, जिपं सीईओ ने निराकरण के निर्देश दिए।