दल ने दर्शन कर तपस्वियों की साता पूछी
अभा श्री राजेंद्र जैन नवयुवक एवं तरुण परिषद के केंद्रीय पदाधिकारियों ने परिषद की विभिन्न शाखाओं का दौरा किया। दल में नवयुवक परिषद के केंद्रीय अध्यक्ष रमेश भाई धरु, महामंत्री अशोक श्रीमाल एवं तरुण परिषद के केंद्रीय अध्यक्ष शशांक लुणावत शामिल थे।
दल सबसे पहले राणापुर पहुंचा। यहां विराजित्त साध्वीश्री भक्तिरसा श्रीजी आदि ठाणा-3 के दर्शन कर सुख साता पूछी। शाखा अध्यक्ष मुकेश नागोरी, वेयावच्च समिति अध्यक्ष तरुण सकलेचा एवं सदस्यों ने दल की अगवानी की। पश्चात मासक्षमण तपस्वी सीमा दिलीप सालेचा के निवास पर भी गए। इसके अलावा आलीराजपुर जिले के खट्टाली में 36 उपवास के तपस्वी शुभम महेश एवं मासक्षमण तपस्वी विनीता रमेश मेहता से साता पूछ तप की अनुमोदना की। उन्होंने राज राजेंद्र पब्लिक स्कूल का अवलोकन कर बच्चों से प्रार्थना सुनी।
अध्यक्ष रमेश भाई ने परिषद परिवार की ओर से 11 हजार रुपए देने की घोषणा की। दल यहां से बोरी पहुंचा। साध्वी श्री सूर्योदया श्रीजी आदिठाणा 3 के दर्शन कर चर्चा की। इसके बाद दल भाभरा के लिए रवाना हुआ। जहां साध्वी श्री अनुपम दृष्टा श्रीजी के दर्शन वंदन किए। वीरेंद्र जैन, योगेश जैन, यशवंत जैन आदि उपस्थित थे। जोबट में विराजित साध्वी श्री विद्वतगुणा श्रीजी एवं रश्मिप्रभा श्रीजी के दर्शन कर चर्चा की। शाम को कुक्षी पहुंचकर साध्वीश्री प्रीती दर्शना श्रीजी आदि के दर्शन किए। वे अंजड, कसरावद भी गए।
दल ने हर जगह धार्मिक शिक्षण शिविर, पाठशाला के नियमित संचालन पर विशेष जोर दिया। साथ ही 5 अक्टूबर को आयंबिल, सामूहिक नवकार जाप सामायिक एवं सफेद वस्तुओं के त्याग में अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने की बात कही। साथ ही समाजजनों से आह्वान किया कि वे 5 अक्टूबर को होने वाले आयोजन में ज्यादा से ज्यादा संख्या में पहुंचे।
गुणानुवाद सभा
झाबुआ-आलीराजपुर जिले की विभिन्न शाखाओं में पहुंचे पदाधिकारी
जैन समाज