एनओसी में अटकी प्रतिनियुक्ति की फाइल
जिलेके मॉडल स्कूलों में शिक्षकों की प्रतिनयुक्ति की सूची जारी होने के बाद अब एनओसी मिलने से मामला अटक कर रह गया है। जिला पंचायत सीईओ की ओर से शिक्षकों को अब तक एनओसी जारी नहीं की गई है। बताया जाता है कि एनओसी जारी करने पर शासन की ओर से रोक लगाई गई है। जब तक रोक लगी रहेगी एनओसी जारी नहीं होगी। गौरतलब है कि जिले सभी छह ब्लाकों में 29 पोस्ट ग्रेजुएट .पीजीटी. और 12 टीजीटी ट्रेड ग्रेजुएट टीचरों की पदस्थापना की जानी है। चयनित होने के बाद इनकी प्रतिनियुक्ति निवाड़ी, पलेरा, बल्देवगढ़, जतारा, पृथ्वीपुर, टीकमगढ़ के मॉडल स्कूल में की जानी है। मगर प्रतिनयुक्ति होने के बाद ज्वाइनिंग के लिए जिला पंचायत सीईओ की ओर से एनओसी जारी नहीं की जा रही है। प्रदेश के मात्र टीकमगढ़ जिले को छोड़कर अन्य सभी जिलों में प्रतिनियुक्ति की प्रक्रिया 16 जून के पूर्व समाप्त करके अध्यापन कार्य शुरु कर लिया गया है। परंतु मात्र टीकमगढ़ जिले में सत्र प्रारंभ होने के 8 महीने बाद भी तो जिले में स्थापित मॉडल स्कूलों की अध्यापन कार्य की सुध ली गई है। और ही प्रतिनियुक्ति प्रक्रिया की। जिले में मौजूद अफसरशाही की मनमानी के चलते यह स्थिति बनी है। सभी जिलों में जारी की गई चयन सूची को ऐजूकेशन पोर्टल पर पदस्थापना स्थान के साथ जिले एवं जिले से बाहर के शिक्षकों की पदस्थापना सूची को पोर्टल पर अपलोड किया था, वहीं टीकमगढ़ की चयन सूची में मात्र टीकमगढ़ जिले के ही शिक्षकों के पदस्थापना आदेश एक सितंबर को पोर्टल पर अपलोड किए गए थे। तथा बाहर के जिलों के शिक्षकों के आदेश जारी करने के लिए आयुक्त लोक शिक्षण भोपाल के पास अनुमोदन का पत्र ई-मेल के माध्यम से भेजा गया था। मगर 15 दिन बाद भी निर्णय नहीं लिया गया है। इस संबंध में डीईओ डॉ. आरएन नीखरा का कहना है कि जिला पंचायत से अभी एनओसी जारी होने है। एनओसी जारी होने के बाद शिक्षकों की पदस्थापना की जाएगी।