मोड़ पर भिड़े बस-ट्रक, जानें बचीं पर 14 घायल
बड़ागांव में धसान नदी के पास ट्रक और बस की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। घटना में 14 यात्री घायल हो गए। बस व ट्रक के ड्राइवर स्टेयरिंग में बुरी तरह फंस गए। एक घंटे की मशक्कत के बाद दोनों को वाहन से बाहर निकाला गया। दोनों ड्राइवर को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यात्रियों को बड़ागांव के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां कुछ यात्रियों को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। घटना शुक्रवार सुबह करीब 8.30 बजे की है।
पुलिस के अनुसार बस क्रमांक एमपी 09 एफए 3011 इंदौर से टीकमगढ़ आ रही थी, जबकि ट्रक क्रमांक एमपी 16 एमडी 1515 टीकमगढ़ से सागर की ओर जा रहा था, तभी नदी से कुछ दूरी पर बने मोड़ के पास दोनों वाहन आपस में टकरा गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस और ट्रक के आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दोनों ड्राइवर स्टेयरिंग के बीच फंस गए। दोनों को पुलिस और डायल 100 वैन की मदद से आधे घंटे बाद निकाला गया । ट्रक चालक अनिल विश्वकर्मा निवासी सौरई बंडा जिला सागर गंभीर रुप से घायल हो गया। बस चालक के पैर में गंभीर चोटें आई हैं। हादसे के बाद सड़क के दोनों तरफ वाहनों का लंबा जाम लग गया। बड़ागांव पुलिस की मदद से जब बस और ट्रक को सड़क से हटाया गया, तब घटना के डेढ़ घंटे बाद जाम खुल सका।
बस में भगदड़ से भी यात्री घायल
स्लीपर कोच बस मे केवल एक ही गेट के होने से यात्रियों मे भगदड़ मच गई। जिससे कई यात्री चोटिल हो गए। घायलों में ट्रक ड्राइवर अनिल विश्वकर्मा बंडा, क्लीनर अनिल विश्वकर्मा बंडा, बस ड्राइवर जब्बार खान, यात्री सोनू विश्वकर्मा, बालकिशन कुशवाहा, हरकुंवर परमार, अच्छेलाल यादव, अनंत राम विश्वकर्मा, देवी यादव सहित अन्य यात्री घायल हो गए।मौके पर मौजूद लोगों ने सभी को अस्तपाल में भर्ती कराया।
बस के ड्राइवर का ध्यान भटका
बस क्लीनर लक्ष्मन यादव ने बताया कि आगे बैठी सवारियां आपस में बात कर रही थी, जिस कारण ड्राइवर का ध्यान भटक गया और बस, ट्रक में जा टकराई। बस मे 40 से अधिक यात्री सवार थे। कुछ यात्रियों को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मे भर्ती कराया गया है। कुछ को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी है। ड्राइवरों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
टीकमगढ़। घटना में ट्रक और यात्री का अगला हिस्सा हुआ क्षतिग्रस्त। (इनसेट) घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती किया गया।