मोहनगढ़ में जोरों पर नकली नोटों का चलन
मोहनगढ़ में जोरों पर नकली नोटों का चलन
टीकमगढ़.गोरमोहनगढ़ में पिछले एक माह से नकली नोटों के चलन को लेकर लोग परेशान हैं। कभी किराना व्यापारी तो कभी पेट्रोल बेचने वालों के पास नकली नोट पहुंच रहे हैं। कुछ दिन पहले गोर के सहकारी बैंक में भी 500 और 1000 रुपए के नकली नोट पहुंचे थे, तो मैनेजर ने उन्हें लौटा दिया था। उधर ललितपुर में मोहनगढ़ की छह महिलाओं ने करीब एक लाख 9 हजार रुपए के नकली नोट पकड़े गए हैं। यह महिलाएं इन नोटों के आधार पर जेवरात खरीदने का प्रयास कर रहीं थीं। इस बीच व्यापारी को संदेह हुआ और उसने उन्हें धरदबोचा। ललितपुर की सिटी कोतवाली पुलिस अब इस मामले की पड़ताल कर रही है। इसी तरह मोहनगढ़ में रोहित रावत ने प्रिंटर खरीदने के लिए इसके लिए टिल्लू जैन से राशि ली। जब उसने प्रिंटर की राशि 6 हजार रुपए का भुगतान किया तो बाद में पता चला कि नकली नोट है। रोहित ने यह नोट छोटे लाल दीक्षित को दिए थे। दीक्षित बैंक में रुपए जमा करने गए तो, बैंक ने लेने से मना कर दिया। बाद में दीक्षित ने रोहित रावत से शिकायत की तो उन्होंने अपने पैसे वापस ले लिए। रोहित रावत ने यह पैसे टिल्लू जैन से लिए थे। इस तरह नगर में नकली नोट चलने को लेकर बार-बार विवाद की स्थिति भी बन रही है। इस संबंध में एसपी अमित सिंह का कहना है कि उन्होंने मोहनगढ़ थाना प्रभारी को मामले की पड़ताल करने के लिए कहा है। यदि नकली नोट चलने का मामला सामने आता है तो दोषियों को छोड़ा नहीं जाएगा।