- Hindi News
- छात्राओं ने पूछा गुनाहगार को कैसे पहचाना जाता है
छात्राओं ने पूछा गुनाहगार को कैसे पहचाना जाता है
कौन से गुनाह के लिए कौन सी सजा मिलती है, गुनहगार को कैसे पहचाना जाता है। जैसे कई प्रश्न स्कूली छात्राओं ने टिमरनी पुलिस से शनिवार को जन संवाद कार्यक्रम में पूछे। जन संवाद कार्यक्रम में टिमरनी एसडीओपी शेषनारायण तिवारी ने हर सवाल का उत्तर सरलता और सहजता से छात्राओं को दिया। श्री तिवारी ने बताया कि शासन की मंशा है कि वह गांव-गांव जाकर आम जनता के बीच जन संवाद कार्यक्रम रखे, जिससे जनता में पुलिस के प्रति भय खत्म होगा। इस दौरान ग्रामीणों ने भी पुलिस अधिकारियों से कई सवाल किए। जिसमें गांव में रात्रि में गश्त लगवाने, चेकिंग के दौरान अवैध वसूली पर रोक, पुलिस को सूचना देने वाले की गोपनीयता, गांव में बिक रही अवैध शराब पर प्रतिबंध लगवाना, ग्राम सुरक्षा समिति का पुनः गठन किया जाना जैसे विभिन्न विषय शामिल थे। टिमरनी टीआई एमएस गाठिया ने भी ग्रामीणों से चर्चा में कहा कि गांव में रह रहे किराएदारों की सूची थाने में भेजें। बीट प्रभारी मनोज दुबे ने भी मोबाइल और एटीएम के उपयोग और सावधानी के बारे में समझाया। इस दौरान थाने से पुलिस बल और गांव के नागरिक सहित स्कूल के छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
जन संवाद|