25 से घर-घर से इकट्ठा करेंगे कचरा
िटमरनी. नगरपरिषद का कचरा प्रबंधन परियोजना आगामी 25 अक्टूबर से शुरू होगी। कचरा दान, करो कल्याण के नारे के साथ नवरात्रि पर्व पर इस परियोजना का शुभारंभ नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों के माध्यम से एक विशेष जागरूकता अभियान आरंभ किया जाएगा। इस अभियान में लोगों को जागरुक करने का काम स्वयंसेवी संस्था भी करेगी।
नगर परिषद अध्यक्ष सुभाष जायसवाल ने कहा कि शहर को स्वच्छ रखने के लिए घर-घर कचरा संग्रह सेवा का शुभारंभ इस दिन से होगा। वहीं 2 अक्टूबर गांधी जयंती के दिन सभी नगरवासियों से स्वच्छता के इस अभियान को जारी रखने के लिए संकल्प दिलवाया जाएगा। नगर परिषद टिमरनी ने कचरा संग्रह के लिए दो वाहन खरीदे हैं जिन पर लगे लाउड स्पीकर से लोगों से कचरा देने की अपील की जाएगी।
स्वयंसेवी संस्था घर-घर जाकर नागरिकों को कचरा बाहर फेंकने की सलाह देगी और नागरिकों से घरों में कचरा संग्रह के लिए दो डस्टबिन रखने के लिए कहा जाएगा। जायसवाल ने बताया कि नगर की सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने में आम नागरिकों की सहभागिता के मद्देनजर यह अभियान शुरू किया जा रहा है। जायसवाल ने शहर के सभी नागरिकों से शहर को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाने के उद्देश्य से आयोजित इस अभियान में जुड़ने की अपील की है।