नर्मदा जयंती उत्सव की शुरुआत आज से
नर्मदा जयंती उत्सव की शुरुआत आज से
भास्कर संवाददाता | हरदा
अंचल में नर्मदा जयंती उत्सव मनाया जाएगा। इस मौके पर अलग अलग कार्यक्रमों का आयोजन होगा। टिमरनी के गोंदागांव में गंजाल, नर्मदा व गोमती के त्रिवेणी संगम पर नर्मदा भक्तों द्वारा 351 मीटर लंबी चुनरी ओढ़ाई जाएगी। नर्मदा का पूजन कर अभिषेक किया जाएगा। विधायक संजय शाह, एडवोकेट शंकर सिंह राजपूत, कमलेश शर्मा, गोलू राजपूत, महंत गोविंद गिरि, शैतान सिंह, अंतर सिंह मौजूद रहेंगे।
विधायक डॉ. आरके दोगने नर्मदा जयंती पर हंडिया पहुंचकर नर्मदाजी को 501 मीटर लंबी चुनरी ओढ़ाएंगे। कोर्ट के पास हनुमान मंदिर में स्थापित नर्मदा मूर्ति के 5 साल पूरे होने पर जोशी परिवार द्वारा कार्यक्रम किए जाएंगे। सुबह 9 बजे कन्या भोज साढ़े 9 बजे हवन व पूजन होगा। 10 बजे नर्मदा अष्टक, विष्णु सहस्त्रनाम का पाठ, आरती व प्रसाद वितरण होगा। शाम 5 बजे हंडिया में दीपदान होगा। वहीं नार्मदीय ब्राह्मण समाज शनिवार से दो दिनी कार्यक्रम आयोजित करेगा। पहले दिन सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। रंगोली व थाली सजाओ स्पर्धा होगी। इसके बाद विष्णु सहस्त्रनाम का पाठ होगा। 14 फरवरी को पूजन हवन और अभिषेक का कार्यक्रम होगा।