करताना से पोखरनी मार्ग बदहाल, ग्रामीण परेशान
पोखरनी मार्ग बदहाल स्थिति में है। मार्ग पर जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। पैदल चलना भी दूभर हो गया है। ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रास्ते में पड़ने वाले गांव के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने बुधवार को गड्ढे से बचाने के फेर में दो बाइक टकरा गई। वाहन चालकों को चोट नहीं आई। जनप्रतिनिधि भी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। ग्रामीणों ने शीघ्र मार्ग निर्माण की मांग की है।
करताना से पोखरनी मार्ग पर आसपास के कई ग्रामीण आवागमन करते हैं। बदहाल मार्ग की वजह से ग्रामीणों को फेरा लगाकर आवागमन करना पड़ता है। ग्रामीणों को टिमरनी तक का सफर नहर के रास्ते से तय करना पड़ता है। बारिश के दिनों में नहर का कच्चा रास्ता बंद हो जाता है। इसके बाद ग्रामीणों को इसी बदहाल मार्ग से आना-जाना पड़ता है। मार्ग पर जगह-जगह गिट्टी उखड़कर फैल गई है। इससे आए दिन बाइक चालक फिसलकर चोटिल हो रहे हैं।
करताना आए प्रभारी मंत्री सरताज सिंह को ग्रामीणों ने नौसर में रोककर प्रभारी मंत्री से मार्ग निर्माण की मांग की थी। लेकिन अब तक मार्ग का निर्माण शुरू नहीं हाे सका है। गांव के रामकृष्णा राजपूत, गणेश गुर्जर, गोविंद गुर्जर सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया उन्होंने कई मर्तबा मार्ग निर्माण को लेकर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को अवगत कराया।
स्वीकृति नहीं आई है
मार्ग के निर्माण के लिए पूर्व में ही 32 करोड़ रुपए का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा गया है। अभी स्वीकृति नहीं आई है। एसके बरेले, ईई पीडब्ल्यूडी