सोमवती अमावस्या पर नर्मदा में लगाई आस्था की डुबकी
सोमवती अमावस्या पर सोमवार को नर्मदा में लाखों श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई। इस मौके पर नर्मदा के नेमावर, हंडिया, गोंदगांव गंगेश्वरी सहित अन्य तटों पर सुबह से लेकर देर शाम तक स्नान का सिलसिला चलता रहा। इस दौरान धार्मिक आयोजन भी हुए। इसके अलावा मंदिरों में भी श्रद्धालुओं के जयकारे गूंजते रहे। इधर, इंदौर-बैतूल नेशनल हाईवे 59-ए पर पड़ने वाले नर्मदा ब्रिज पर यातायात के दबाव के चलते बार बार ट्रैफिक जाम की स्थित बनी।
नए साल की पहली सोमवती अमावस्या पर सुबह से नर्मदा में स्नान ध्यान का सिलसिला शुरू हो गया था। नेमावर के सिद्धनाथ मंदिर तट, हंडिया के रिद्धनाथ घाट, सड़क घाट, गोंदागांव के त्रिवेणी संगम सहित अन्य तटों पर श्रद्धालुओं ने सोमवती का पर्व स्नान किया। स्नान के लिए श्रद्धालुओं के जत्थे एक दिन पहले से ही पदयात्रा कर नर्मदा तटों पर जुटने लगे थे। सूर्य की पहली किरण के साथ ही स्नान शुरू हो गया। इसके बाद मंदिरों में भी विशेष पूजा की।
गोमुख में लगाई डुबकी
टेमागांव| सोमवती अमावस्या पर क्षेत्र के प्रसिद्ध गोमुख कुंड में श्रद्धालुओं ने डुबकी लगाई और पुण्य लाभ लिया। इस मौके पर श्रद्धालुओं ने राम-जानकी मंदिर व नर्मदा मंदिर में पूजा अर्चना भी की। सुबह से ही श्रद्धालुओं का गोमुख पहुंचना शुरू हो गया था।
स्नान के लिए उमड़े श्रद्धालु
टिमरनी| सोमवती अमावस्या पर सोमवार को नर्मदा में स्नान के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े। सुबह से लेकर देर शाम तक स्नान चला। तहसील के तहत आने वाले गोंदागांव गंगेश्वरी, छीपानेर, चिचोट, जलोदा, लछोरा, शमशाबाद सहित नर्मदा के अन्य तटों पर श्रद्धालुओं ने डुबकी लगाकर पुण्य लाभ लिया।
तटों पर तैनात रहे जवान
हंडिया के तटों पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस और होमगार्ड के जवान तैनात रहे। एसआई सुनिल गौर ने बताया सुबह से शाम तक तटों पर पुलिस के 20 जवान और होमगार्ड के 15 जवान तैनात रहे। इसके अलावा ग्राम सुरक्षा समिति के भी 10 सदस्यों ने सहयोग दिया। शाम तक किसी भी प्रकार की कोई अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।
सोमवती अमावस्या के मौके पर नर्मदा तटों पर स्नान ध्यान के साथ धार्मिक आयोजन भी हुए। इस दौरान सत्यनारायण की कथा सहित अन्य कार्यक्रम हुए। इसके बाद आरती हुई। भगवान भोलेनाथ का महाभिषेक भी किया।
धार्मिक आयोजन हुए
ट्रॉलों से जाम हुआ हाईवे
इंदौर-बैतूल नेशनल हाईवे पर पड़ने वाले नर्मदा ब्रिज से भारी ट्रॉलों के गुजरने के दौरान यातायात व्यवस्था गड़बड़ा गई। इस दौरान कुछ देर के लिए जाम लग गया। जैसे-तैसे ट्रालों के निकले ही यातायात सुचारू हो गया। इधर, देवास जिले की नेमावर पुलिस ने यातायात व्यवस्था बनाने के लिए सख्त कार्रवाई की। यातायात बाधित करने वाले दो पहिया वाहनों को पुलिस ने क्रेन के माध्यम से उठा लिया। हालांकि, बाद में चालकों को समझाइश देकर वाहन छोड़ दिए।