पुलिया की रैलिंग तोड़कर नाले में गिरी कार, 1 युवक की मौत
इंदौर-बैतूल नेशनल हाईवे 59-ए पर गुरुवार को अर्धनागेश्वर मंदिर की पुलिया की रैलिंग को तोड़कर एक तेज रफ्तार कार नाले में जा गिरी। दुर्घटना में एक युवक की मौके पर मौत हो गई, दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। सूचना मिलते ही टीआई शैलेंद्र शर्मा बल के साथ मौके पर पहुंचे। इस दौरान घटना स्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई थी।
कार टिमरनी से हरदा की ओर जा रही थी। हाईवे पर अर्धनागेश्वर मंदिर के पास नाले की पुलिया की रैलिंग (सीसी दीवार) तोड़कर इंडिका क्रमांक एमपी 04 एचए 0815 नाले से नीचे जा गिरी। दुर्घटना में हरदा के गायत्री मंदिर के पास रहने वाले अमन पिता शरद अग्रवाल की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि हरदा निवासी शुभम योगी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए टिमरनी स्थित शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल भेज दिया है। दुर्घटना के बाद लोगों की मौके पर भीड़ जमा हो गई। उन्होंने घायल युवक को कार से बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। यहां से इलाज के बाद उसे भोपाल रैफर कर दिया है। इसी बीच टीआई शर्मा भी जवानों के साथ पहुंच गए थे।
अस्पताल में बिलखते रहे परिजन
दुर्घटना की सूचना मिलते ही मृतक और घायलों के परिजन अस्पताल में पहुंच गए थे। घायल को देखते हुए उसके परिजन अस्पताल में बिलखने लगे। लोग उन्हें ढांढस बंधाते रहे। घायल शुभम को जिला अस्पताल से भोपाल रैफर कर दिया है।
जिला अस्पताल से घायल को किया गया रैफर।