(सरकारी अस्पताल में जमा भीड़ ग्रामीणों से जानकारी लेते एसडीओपी के.के. व्यास।)
जावरा/रतलाम। जावरा में फोरलेन किनारे चाय की गुमटी के बाहर अखबार पढ़ रहे भाजपा नेता कैलाश सूर्यवंशी (55) पहली गोली से बचे तो गुमटी में छिप गए। बदमाशों ने गुमटी में घुसकर बाकी पांचों गोलियां दाग दी। रविवार दिनदहाड़े हुई वारदात से नगर आसपास हड़कंप है। अस्पताल में परिजन ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। उन्होंने कहा जमीन विवाद के संदिग्धों के नाम बताने के बाद भी पुलिस ने ध्यान नहीं दिया।
वारदात रविवार सुबह 11.06 बजे रतलाम नाका क्षेत्र में फोरलेन किनारे 132 केवी बिजली सब स्टेशन के सामने स्थित दशरथ की चाय की गुमटी पर हुई। भाजपा नेता पूर्व मंडी डायरेक्टर सूर्यवंशी रोज की तरह अखबार पढ़ रहे थे। तभी जावरा चौपाटी की तरफ से बिना नंबर की बाइक से दो युवक आए और गुमटी के पीछे से होकर आगे आए। बाइक चालक ने काला शर्ट पीछे वाले ने शर्ट के ऊपर बनियान पहन रखा था। पीछे वाला युवक उतरा और पिस्टल से फायर किया। पहली गोली अखबार को भेदती हुई कैलाश के कान के पास से पीछे रखी पानी की कैन को लगी। कैलाश घबराकर चाय की गुमटी में काउंटर के पीछे जाकर छिप गए। इस पर बदमाश ने गुमटी के बिल्कुल पास जाकर पांचों गोलियां उनके शरीर में उतार दी। मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
देर राततक सर्चिंग : घटनास्थल से थोड़ी दूर स्थित विश्वकर्मा वेल्डिंग वर्क्स एवं मशीनरी दुकान के बाहर सीसीटीवी कैमरा लगा है। फायरिंग कर भागे बदमाश इसमें कैद हो गए लेकिन चेहरे स्पष्ट नहीं आए। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज लेकर आरोपियों की तलाश शुरू की। जावरा क्षेत्र के हर रूट पर नाकेबंदी की। उमटपालिया, हसनपालिया क्षेत्र में सर्चिंग की लेकिन सफलता नहीं मिली। हालांकि नामली से तीन चार अलग-अलग जगह से कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जावरा के एक निजी स्कूल संचालक से 2001 में रास्ते के विवाद को लेकर मारपीट हुई थी। पुलिस ने स्कूल संचालक से भी पूछताछ की।
पुलिस पर भड़का परिजन का आक्रोश: अस्पताल में बिलखते परिजन ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया। मृतक के बड़े भाई मदन सूर्यवंशी ने कहा कई बार सीएम ऑनलाइन एसडीओपी कार्यालय में कुछ संदिग्धों के नाम बताते हुए शिकायत की थी लेकिन पुलिस ने ध्यान नहीं दिया। पिछले साल उमटपालिया क्षेत्र के कुछ बदमाश हथियार लेकर गांव में खुलेआम घूम रहे थे। उनके बारे में भी पुलिस को बताया था लेकिन पुलिस ने गिरफ्तार नहीं किया। अब वारदात हो गई तो पुलिस आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की बात कह रही है।
एसडीओपी के.के. व्यास, आईए थाना प्रभारी अनिल यादव ने बताया जो शिकायतें हुई थीं उनकी जांच कर जरूरी कार्रवाई भी की गई। लापरवाही का आरोप गलत है।
घटनाक्रम :- विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय अन्य भाजपा नेताओं के साथ दोपहर 12.30 बजे सरकारी अस्पताल पहुंचे। मृतक के परिजन से चर्चा कर ढांढस बंधाया। एसपी से आरोपियों को जल्द पकड़ने की बात कही।
- एसपी डॉ. जी.के. पाठक, एएसपी प्रशांत चौबे दोपहर 12 बजे अस्पताल पहुंचे। परिजन से जानकारी लेने के बाद घटनास्थल गए। फिर दिनभर आईए थाने में मामले से जुड़े संदिग्ध लोगों से पूछताछ की। आरोपियों की तलाश में अलग-अलग जगह पुलिसदल रवाना किए।
- अनुविभाग के सभी थानों के फोर्स के साथ ही जिले से दो बसों में अतिरिक्त फोर्स बुलाकर जगह-जगह तैनात किया। नाकेबंदी घेराबंदी की गई।
- सूचना पर ग्रामीण घटनास्थल और फिर सरकारी अस्पताल पहुंचे। इससे अस्पताल परिसर में भीड़ लग गई। फायर करने वाले युवक समाज विशेष के बताए जाने से दिनभर गहमागहमी का माहौल रहा।
- विहिप लुहारी नगर अध्यक्ष दिलीप राठौर शिवसेना जिला प्रमुख प्रकाश सोलंकी ने आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने की स्थिति में आंदोलन ज्ञापन की चेतावनी दी।
फुटेज से मैच नहीं हुए चेहरे :हत्या के बाद आरोपी नामली की ओर बाइक से भागे। एसपी डॉ. पाठक ने बताया हिरासत में लिए लोगों के चेहरे सीसीटीवी फुटेज में दिख रहे चेहरों से मिलाए। लेकिन चेहरे मैच नहीं हुए तो उन्हें छोड़ दिया। एफएसएल अधिकारी अतुल मित्तल ने बताया एक्सरे में कैलाश सूर्यवंशी के शरीर में चार गोलियां दिख रही हैं। पीठ में गोलियों के दो निशान हैं। संभावना है दो गोलियां आर-पार हो गईं।