- Hindi News
- मूक बधिर किशोर से पुलिस ने की मारपीट, आरोप
मूक-बधिर किशोर से पुलिस ने की मारपीट, आरोप
रतलाम| मूक-बधिरकिशोर के पिता ने पुलिस पर अकारण बेटे के साथ मारपीट का आरोप लगाते हुए न्यायालय में वाद दायर किया। सुनवाई की अगली तारीख 27 सितंबर तय की गई है। अभिभाषक प्रदीप भट्ट ने बताया घायल सादिक पिता जाकिर हुसैन (17) निवासी विरियाखेड़ा का न्यायालय के आदेश पर मेडिकल हुआ। हाथ-पैर पर लकड़ी से मारपीट के निशान हैं।
भट्ट ने बताया सादिक को 300 रुपए देकर जाकिर ने बुधवार शाम राशन लेने भेजा था। सादिक रात तक घर नहीं पहुंचा तो तलाश किया। गुरुवार को गुमशुदगी दर्ज करवाने औद्योगिक क्षेत्र थाने पहुंचा तो सादिक के हवालात में होने की जानकारी मिली। टीआई ओ.पी. शर्मा से बात कर उसे थाने से छुड़वाया और शिकायत के लिए एसपी डॉ. आशीष के पास ले गया। जाकिर ने बताया थाने में पुलिसकर्मियों ने सादिक के साथ अकारण मारपीट की है। टीआई ने बताया शिकायत मिलने पर सागोद रोड से संदिग्ध को लाए थे। पूछताछ के बाद उसे पिता के सुपुर्द कर दिया। थाने में उसके साथ मारपीट नहीं हुई।
सादिक के हाथ-पैर पर चोट के निशान दिखाते पिता जाकिर हुसैन।