पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • 53 हजार परिवार, 85 हजार की आईडी, फिर भी अाधा शहर परेशान

53 हजार परिवार, 85 हजार की आईडी, फिर भी अाधा शहर परेशान

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
रतलाम। शहर में 53 हजार परिवार हैं। नगर निगम की ठेकेदार एजेंसी ने समग्र सामाजिक सुरक्षा मिशन के तहत 32 हजार अधिक यानी 85 हजार परिवार की आईडी बना दी। इसके बाद भी आधा शहर आईडी के लिए परेशान है। इन आंकड़ों को देख नगर निगम अधिकारियों और महापौर डाॅ. सुनीता यार्दे का माथा भी ठनका हुआ है। ठेकेदार का दावा है काम ठीक हुआ और केवल 800 आईडी में ही संशोधन किया जाना है।

2011 के मुताबिक शहर की जनगणना 264810 है। तीन साल में इसमें पलायन और ग्रोथ का रेशो 15 हजार भी माने तो आंकड़ा 2 लाख 80 हजार के लगभग जाता है। इसके विपरीत 3 लाख 17 हजार व्यक्तिगत समग्र आईडी बना दी गई। संशोधन के दौरान इनमें से 11 हजार आईडी फर्जी निकली। ठेकेदार फर्म का दावा है लगभग 800 आईडी ही संशोधन के लिए बची हैै। लेकिन नगर निगम के बाहर आईडी संशोधन के लिए पहुंचने वाली भीड़ इस दावे को झुठला रही है।

कैसे बढ़ गए अचानक 30 हजार नए परिवार: ठेकेदार फर्म ने शहर में 85324 परिवार की आईडी बनाई है। जनगणना के मुताबिक नगर निगम सीमा में 2011 में रेलवे सहित 55133 परिवार थे। 3 साल में पलायन और नए परिवारों का रेशो जोड़े तब भी आंकड़ा 60 हजार के पार नहीं जाता। तीन साल में 30 हजार नए परिवार अचानक कैसे बढ़ गए यह किसी को समझ नहीं रहा है।

राशनकार्ड भी 90 हजार से ज्यादा परिवार के : एक और चौंकाने वाला तथ्य यह है कि जनगणना के अनुसार परिवार सीमित हैं लेकिन अंत्योदय, सामान्य और प्राथमिक परिवार श्रेणी के 90 हजार से ज्यादा राशनकार्ड बन चुके हैं। परिवार आईडी से भी 5 हजार ज्यादा परिवार हैं।

दुरुस्त करेंगे आईडी : '' आईडी दुरुस्त करने का काम जारी है। फाइनल आंकड़ा नहीं आया है। कुछ संशोधन बाकी हैं। '' -यशवंत जैन, आईडी जनरेट करने वाली फर्म के संचालक

आईडी सुधारने के लिए आज से चार जगह शिविर : महापौर ने शुक्रवार से चार जोन में शिविर लगाकर आईडी में सुधार के निर्देश दिए। इन शिविरों पर समग्र नंबर प्राप्त कर चुके परिवारों के आधारकार्ड और बैंक खाते भी समग्र से लिंक करने के लिए दस्तावेज जमा किए जाएंगे।
स्वास्थ्य विभाग के चार अधिकारियों को यह जिम्मेदारी सौंपी है। शुक्रवार से सुबह 10 से शाम 5 बजे तक शिविर अलकापुरी मांगलिक भवन, पोलोग्राउंड मांगलिक भवन, अमृतसागर बगीचा और हरमाला रोड पंप हाउस पर लगाए जाएंगे।

सत्यापन कराएंगे : ''राशनकार्ड और आईडी में परिवारों की संख्या अलग है। वास्तविक संख्या का सत्यापन कराएंगे।'' राजेंद्र सिंह पंवार, प्रभारीस्वास्थ्य विभाग नगर निगम।