चुनावी रंजिश में हमला, 1 घायल
पंचायतचुनाव की रंजिश में मंगलवार दोपहर एक पराजित प्रत्याशी के पति और उसके समर्थकों ने विजेता सरपंच के समर्थक के घर हमला कर दिया। परिजन को पीटा, घर में तोड़फोड़ की और समर्थक पर कुल्हाड़ी से वार किया। शिवगढ़ थाने में आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया।
मामला बाजना क्षेत्र की राजपुरा माताजी पंचायत का है। यहां सरपंच उम्मीदवार बेला बाई गवजी और पांड्या घाटा गांव की नानीबाई वागजी जोड़िया को 322-322 मत मिले थे। सोमवार को प्रेक्षक पी. गंगारेकर ने जनपद में गोटी डालकर फैसला किया। वेला बाई को सरपंच चुना गया। नानीबाई के पक्ष के लोग इससे आक्रोशित थे। इस चुनाव में पांड्या घाटा के रहने वाले मेघजी ने विजयी सरपंच का समर्थन प्रचार किया था। पराजित पक्ष के लोग मंगलवार दोपहर मेघजी के घर पहुंचे और तोड़फोड़ कर दी। मेघजी के परिजन के साथ मारपीट भी की। मेघजी बीचबचाव करने पहुंचा तो उसके हाथ पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया। शिवगढ़ थाने में नानीबाई के पति वागजी जोड़िया 9 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया।
रतलाम. नशे में पिकअप दौड़ा रहे एक ड्राइवर ने तीन वाहनों को टक्कर मारी और एक युवक को घायल कर दिया। घटना मंगलवार रात 10 बजे की है। स्टेशन रोड पुलिस के मुताबिक बड़नगर निवासी सलीम पिता अकबर पिकअप वाहन एमपी 13 जीए 4905 लेकर यहां आया था। घर लौटते वक्त रात 10 बजे उसने दो बत्ती चौराहे पर शिवशक्ति सिंह पिता रामस्वरूप निवासी पीएंडटी कॉलोनी के पानी पतासे के ठेले को टक्कर मारी। इसके बाद तेज गाड़ी दौड़ाते हुए न्यू रोड पर जिला सहकारी बैंक के सामने खड़ी इंडिगो कार (एमपी 43 सी 7875) और केश वाहन (एमपी 43 जी 2208) को टक्कर मारी। यहीं पैदल जा रहे दुर्गेश पिता सुरेश गुप्ता को टक्कर मार घायल कर दिया। स्टेशन रोड पुलिस ने घेराबंदी कर सलीम को पकड़ लिया। वह शराब के नशे में था। घायल दुर्गेश को जिला अस्पताल में भर्ती किया।